नोएडा में थूककर पिज्जा बनाने का वीडियो वायरल, हंगामे के बाद पकड़ा गया मुजम्मिल
हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने दुकान पर हंगामे के बाद आरोपी को पकड़ लिया। थूकने की सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर आरोपी ने फूंक मारने की बात कहकर बरगलाने की कोशिश की।

नोएडा में एक और 'थूक कांड' सामने आया है। सेक्टर-22 में चौड़ा गांव स्थित एक दुकान में पिज्जा बनाते समय उसमें थूककर बेचने का मामला सामने आया है। हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने दुकान पर हंगामे के बाद आरोपी को पकड़ लिया। थूकने की सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर आरोपी ने फूंक मारने की बात कहकर बरगलाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची सेक्टर-24 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिझौड़ गांव निवासी मुजम्मिल सेक्टर-22 चौड़ा गांव में पिज्जा हट के नाम से करीब चार साल से दुकान चल रहा है। हिंदू रक्षा दल खोड़ा के अध्यक्ष सोनू शर्मा को दुकान पर काम करने वाले स्टाफ ने सूचना दी कि दुकान पर अकेला होने के दौरान मुजम्मिल पिज्जा का बेस बनाने के दौरान थूकता है। यह बात सुनकर सभी चौंक गए। उन्होंने स्टाफ की मदद से पहले सीसीटीवी फुटेज चेक की तो थूकने की बात सही मिली।
दुकान पर हुआ हंगामा तो पहुंची पुलिस
सोनू ने रविवार शाम मौके पर जाकर मुजम्मिल को पकड़ लिया। उससे इस बारे में बात की तो वह उल्टा धमकाने लगा। लोगों से हाथापाई भी की। हंगामा होता देखकर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। वहीं, सोशल मीडिया पर सीसीटीवी की फुटेज का एक मिनट 22 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
दावा है कि इस दौरान आरोपी एक से अधिक पिज्जा बना रहा है। उसका बेस बनाते समय हर बार वह पिज्जा में थूक देता है। दूसरे वीडियो में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी आरोपी को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वह लोगों को जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने आरोपी को रंगेहाथ साक्ष्य के साथ पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




साइन इन