सराय काले खां ISBT की बदलेगी सूरत; एक ही जगह मिलेंगी बस-रेल, मेट्रो और नमो भारत ट्रेन
Delhi News: दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे को जल्द ही मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां करीब 31.86 एकड़ जगह में पुनर्विकास कार्य होगा, जिसमें बस और कार की पार्किंग के अलावा कमर्शियल एवं रिहायशी क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।

Delhi Sarai Kale Khan ISBT Redevelopment : दक्षिण दिल्ली स्थित सराय काले खां बस अड्डे को जल्द ही मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। डीटीआईडीसी द्वारा यहां लगभग 31.86 एकड़ जगह में पुनर्विकास कार्य होगा, जिसमें बस और कार की पार्किंग के अलावा कमर्शियल एवं रिहायशी क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
इस पुनर्विकास कार्य के लिए आगामी जुलाई माह तक टेंडर जारी करने और दिसंबर 2030 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। सराय काले खां बस अड्डा बेहद ही घनी आबादी के पास बना हुआ है। यहां पर रेल, मेट्रो, बस, नमो मेट्रो, ऑटो, टैक्सी आदि सेवाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं। लेकिन इस जगह पर व्यवस्था ठीक नहीं होने के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए सराय काले खां बस अड्डे का पुनर्विकास कार्य बेहद आवश्यक बताया गया है।
पुनर्विकास कार्य का खाका तैयार किया गया
डीटीआईडीसी द्वारा इस पुनर्विकास कार्य का खाका तैयार कर लिया गया है। यहां दो मंजिला बस अड्डा बनेगा जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर 78 जबकि अपर ग्राउंड फ्लोर पर 77 बसों के खड़े होने की जगह तैयार होगी। वहीं कॉनकोर्स पर लगभग 1500 कार की पार्किंग बनाई जाएगी। यहां यात्री अपनी गाड़ी खड़ी कर अन्य परिवहन साधनों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा
सूत्रों ने बताया कि इस पुनर्विकास कार्य के लिए सराय काले खां से बस अड्डे को कुछ समय के लिए दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। यहां कुल 34.44 एकड़ में पुनर्विकास कार्य होगा। इसमें न केवल बस अड्डा बल्कि ईडब्ल्यूएस फ्लैट, सरकारी आवास, कमर्शियल क्षेत्र आदि भी बनाए जाएंगे। इस पुनर्विकास से न केवल बस अड्डे से बल्कि अन्य माध्यमों से भी उनकी आमदनी बढ़ेगी।
सभी परिवहन साधनों से रहेगा जुड़ाव
सूत्रों ने बताया कि बस अड्डे को इस तरह से विकसित किया जाएगा कि यात्रियों को अन्य परिवहन साधनों तक जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बस अड्डे से रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, नमो भारत स्टेशन आदि को जोड़ा जाएगा। यहां यात्रियों के लिए खाने-पीने एवं खरीदारी करने की जगह भी होगी।
अहम बातें
● 10 हजार यात्री प्रतिदिन सराय काले खां बस अड्डे से अभी सफर करते हैं
● 25 हजार यात्री वर्ष 2053 तक वहां से प्रतिदिन सफर करेंगे
● इस परियोजना की कुल लागत 7613 करोड़ रुपये आने का अनुमान है
● बस अड्डे की इमारत को दिसंबर 2028 तक तैयार कर लिया जाएगा
● पूरी परियोजना में दो वर्ष का अतिरिक्त समय लगेगा




साइन इन