213 KM दूरी 2.5 घंटे में होगी पूरी, PM मोदी इस दिन करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi Dehradun Expressway) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल महीने में जनता को समर्पित कर सकते हैं। देहरादून में इसके लोकार्पण का कार्यक्रम होगा। इसे लेकर दिल्ली में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi Dehradun Expressway) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को जनता को समर्पित कर सकते हैं। देहरादून में इसके लोकार्पण का कार्यक्रम होगा। इसे लेकर दिल्ली में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सड़क किनारे पेंटिंग कराई जा रही है, कैमरों को दुरुस्त करने के साथ स्ट्रीट लाइट के खंभों को चमकाया जा रहा है।
दिल्ली में एनएच-नौ अक्षरधाम मंदिर से देहरादून तक बना यह एक्सप्रेसवे करीब 213 किलोमीटर का है। इसके निर्माण में 12 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके खुलने से दिल्ली से देहरादून तक के सफर में लगने वाला समय पांच घंटे से हटकर महज ढाई घंटे का रह जाएगा। लोगों को इसके खुलने का बेसब्री से इंतजार है। अब वो वक्त करीब आ रहा है, जब इसके लोकार्पण की तरफ कदम बढ़ रहा है।
देहरादून में आयोजित होगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में इस एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर सकते हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इसके संकेत दिए हैं। धामी ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रदेश के स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
अन्य योजनाओं का भी कर सकते हैं शिलान्यास
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आना राज्य के लिए लाभदायक साबित होगा। वह हर बार राज्य को कुछ न कुछ सौगात देकर जाते हैं। पूरी उम्मीद है कि इस बार भी राज्य के विकास के लिए उनसे विशेष भेंट मिल सकती है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में चंपावत में लैंड पोर्ट प्रोजेक्ट के साथ ही राज्य के कुछ प्रमुख विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर सकते हैं।
दिल्ली में तीन मुख्य मार्ग होंगे सिग्नल फ्री
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को लोकसभा में कहा था कि राजधानी दिल्ली में तीन प्रमुख मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत लिया गया है और उन्हें सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली-देहरादून हाईवे का लोकार्पण आगामी 8 से 10 दिन के भीतर किया जाएगा। मल्होत्रा ने लोकसभा में दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि दिल्ली में तीन मुख्य मार्ग हैं जिन्हें हाल में राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत लिया गया है।
उन्होंने बताया कि राजधानी में आश्रम से बदरपुर, महरौली से गुड़गांव और पंजाबी बाग से टीकरी तक तीन व्यस्त मार्गों पर फ्लाईओवर बनाकर इन्हें सिग्नल फ्री किया जाएगा और एक घंटे से अधिक की दूरी को कम करके 15 मिनट से आधे घंटे तक किया जाएगा। मल्होत्रा ने कहा कि गुड़गांव से दिल्ली आते समय हवाईअड्डे के पास एक क्षेत्र में अक्सर रहने वाली ट्रैफिक जाम की स्थिति से निजात पाने के लिए शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक पांच किलोमीटर की सुरंग 3,500 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी और इस पर काम प्रारंभ कर दिया गया है।
दिल्ली-देहरादून मार्ग का लोकार्पण जल्द
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए यहां डीएनडी से फरीदाबाद तक एक एलिवेटिड रोड पर परिचालन अगले छह महीने में शुरू होने की संभावना है। मल्होत्रा ने कहा, ''हम दिल्ली-देहरादून राजमार्ग का लोकार्पण अगले आठ-दस दिन में करने जा रहे हैं।''
(भाषा के इनपुट के साथ)




साइन इन