दिल्ली में 'सिंघम' बनी पब्लिक! युवक के सिर में गोली मार भाग रहे शूटर को मौके पर ही दबोचा
दिल्ली के संगम विहार में काम पर जा रहे 27 वर्षीय रविंदर को दिनदहाड़े सिर में गोली मार दी गई। घायल की हालत गंभीर है, वहीं मौके पर मौजूद भीड़ ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

राजधानी दिल्ली का संगम विहार इलाका शुक्रवार की सुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठा। यहां दिनदहाड़े एक 27 साल के युवक के सिर में गोली मार दी गई। घटना सुबह करीब 9:15 बजे की है, जब वह अपने काम पर जा रहा था। हालांकि, इस वारदात के बाद जो हुआ उसने सबको चौंका दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को भागने नहीं दिया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक की पहचान रविंदर (27) के रूप में हुई है, जो संगम विहार की गली नंबर 3 में रहता है। रविंदर शुक्रवार सुबह सब्जी बेचने के लिए घर से निकला था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उसे रोका और बिना कोई बातचीत किए सीधे उसके सिर में गोली मार दी।
शादी के 2 महीने बाद ही मातम
रविंदर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रविंदर की बहन आरती ने बताया, "मेरा भाई सब्जी बेचने जा रहा था, दो बाइक सवारों ने अचानक उसे रोका और बिना किसी वजह के सिर में गोली मार दी। उसकी शादी को अभी सिर्फ 2 महीने ही हुए थे। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था।"
पुरानी रंजिश या कुछ और?
पुलिस जांच में एक हैरान करने वाला एंगल सामने आया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 26 साल के योगेंद्र के रूप में हुई है। खास बात यह है कि आरोपी और पीड़ित दोनों ही उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस का मानना है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है।
पब्लिक ने सिखाया सबक
गोली मारने के बाद आरोपी योगेंद्र ने भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने उसे घेर लिया और पकड़ लिया। पब्लिक की पिटाई के बाद उसे भी चोटें आईं, जिसके बाद उसे मजीदिया अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर लिया गया है।




साइन इन