AC में ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग, रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत, दिल्ली के हौज खास में दुखद हादसा
शुरुआती जांच में हादसे की वजह एसी के इनडोर यूनिट में हुए ब्लास्ट को माना जा रहा है। इसके साथ ही, शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का सटीक पता लगाने के लिए इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से भी घटना स्थल की जांच कराई जा रही है।

राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहां एक घर में लगे एयर कंडीशनर (AC) की इनडोर यूनिट में हुए ब्लास्ट के बाद लगी आग और उससे निकले धुएं के कारण पूर्व आईएएस (IAS) अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे के समय घर में उनके अलावा उनकी पत्नी, बेटे समेत कुल पांच लोग मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने की यह घटना बुधवार रात करीब 11.18 बजे उनके घर के ग्राउंड फ्लोर में हुई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने उन्हें देर रात उनके आवास से बेहोशीकी हालत में बाहर निकाला था और एम्स अस्पताल में भर्ती किया था। जिसके बाद गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। धनेंद्र कुमार गर्ग 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी थे और विश्व बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रह चुके थे।
रात करीब 11.20 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 23:18 बजे हौज खास के R-15 मकान में आग लगने की सूचना पीसीआर (PCR) को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस और दमकल की दो गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर मौजूद पीड़ितों को तुरंत पीसीआर वैन के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
धुएं के कारण बिगड़ी तबीयत
शुरुआती जांच में पता चला है कि यह मकान रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार का था। हादसे के वक्त घर में धनेंद्र कुमार, उनकी पत्नी, बेटा और दो कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने के बाद घर में भयंकर धुआं फैल गया। पूर्व IAS अधिकारी के शरीर पर जलने का कोई निशान नहीं था, लेकिन अत्यधिक धुएं के कारण वे बेहोश हो गए थे।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
धनेंद्र कुमार को अचेत अवस्था में एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे के बाद एहतियात के तौर पर उनके बेटे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनका बेटा अभी खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।
AC में ब्लास्ट को माना जा रहा वजह
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एसी (AC) की इनडोर यूनिट में हुए ब्लास्ट को माना जा रहा है। हादसे के बाद जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के पीछे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी का पता लगाने के लिए पुलिस ने इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर से भी घटनास्थल की जांच कराई है। पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और इस स्तर पर किसी भी तरह की साजिश की आशंका नहीं है। मामले की जांच जारी है।




साइन इन