रील तो बनी पर मौत की; पिस्टल के साथ वीडियो बनाते हुए मारा गया दिल्ली का पवन
पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में 16 मार्च को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। मोबाइल फोन में रील बनाने के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में 16 मार्च को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। मोबाइल फोन में रील बनाने के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
युवक की मौत के बाद वायरल हुआ वीडियो
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक 28 वर्षीय पवन कुमार अपने परिवार के साथ दल्लूपुरा गांव में रहता था। पुलिस ने इस मामले में न्यू अशोक नगर थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई के पास से 10 कारतूस और एक पिस्तौल बरामद की है। घटना का वीडियो मंगलवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक युवक खुद को गोली मारता हुआ दिखाई दे रहा है।
पुलिस को अस्पताल से मिली थी सूचना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 16 मार्च को वसुंधरा एंक्लेव स्थित एक निजी अस्पताल से पुलिस को गोली लगने से घायल युवक के भर्ती होने की सूचना मिली थी। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां पवन कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू की।
भाई कि पिस्टल लेकर बनवा रहा था वीडियो
प्राथमिक जांच के दौरान पता चला कि घटना दल्लूपुरा गांव में हुई, जहां पवन अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ मौजूद था। दोनों मोबाइल में रील बना रहे थे इसी दौरान पवन ने हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल हाथ में ले ली। इस बीच वीडियो बनाते समय अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो सीधे पवन के सीने में जा लगी। घटना के बाद हिमांशु ने घायल पवन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्टल के साथ 10 जिंदा कारतूस जब्त कर लिए। साथ ही हिमांशु का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है, जिसमें घटना का वीडियो रिकॉर्ड मिला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह पूरी तरह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मंगलवार सुबह से ही पवन की मौत का वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पवन को पिस्तौल के साथ रील बनाते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान लापरवाही में ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो पवन के सीने में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए रील या वीडियो बनाते समय किसी भी प्रकार के हथियार का इस्तेमाल न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।




साइन इन