दिल्ली में कल कोहरे का येलो अलर्ट; बारिश से होगा नए साल का स्वागत
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के शहरों में नए साल का स्वागत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से बुधवार को भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

िल्ली में नए साल का स्वागत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार को दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह गई। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से बुधवार को भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट और गलन वाली सर्दी बढ़ने की उम्मीद है।
कल कोहरा छाने का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार की सुबह को ज्यादातर जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। गुरुवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है।
गिरेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। पहली और 2 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। 2 जनवरी को सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इस दिन भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। 3-4 जनवरी को दिल्ली में सुबह के वक्त मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। दिन में आसमान साफ रहेगा।

पलूशन से राहत का अनुमान
इस बीच दिल्ली में पलूशन का स्तर खतरनाक बना हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 388 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। आनंद विहार और विवेक विहार जैसे 17 इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर है। कल भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में ही रहने का अनुमान है। हालांकि 1 जनवरी को संभावित हल्की बूंदाबांदी से मामूली सुधार की उम्मीद है।




साइन इन