ट्रेन यात्रियों को सौगात! दिल्ली के हॉल्ट रेलवे स्टेशनों पर भी जल्द मोबाइल UTS से मिलेंगे टिकट
रेलवे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। अब प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ हॉल्ट स्टेशनों (जहां केवल कुछ ही ट्रेनें रुकती हैं) पर भी मोबाइल यूटीएस (UTS) सेवा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को जनरल टिकट के लिए खिड़की पर लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा।

दिल्ली-एनसीआर में प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इस्तेमाल की जाने वाली मोबाइल यूटीएस सेवा (मोबाइल से अनारक्षित टिकट बुकिंग) को अब हॉल्ट स्टेशनों पर भी शुरू किया जाएगा। भारतीय रेलवे की ओर से अधिकारियों को उन हॉल्ट स्टेशनों को चिन्हित करने के लिए कहा गया है, जहां इस सुविधा को शुरू करना है। इस सुविधा की मदद से यात्रियों को आसानी से बिना लंबी कतार में लगे अनारक्षित टिकट मिल जाएगा।
यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए कतार में न लगना पड़े, इसके लिए रेलवे की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेल वन ऐप शुरू करने से लेकर बड़े रेलवे स्टेशनों पर यूटीएस मशीनें लगाई गई हैं जिससे यात्री स्वयं भी अनारक्षित टिकट बना सकते हैं। इसके साथ ही कुछ लोगों को मोबाइल यूटीएस सेवा से टिकट बनाने के लिए कमीशन पर रखा गया है। यह लोग रेलवे स्टेशन पर लोगों को अनारक्षित टिकट बनाकर देते हैं, जिससे उन्हें लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ता। रेलवे द्वारा इस सुविधा को अब हॉल्ट स्टेशनों पर भी शुरू करने की योजना है।
एक साल तक 10 हॉल्ट स्टेशनों पर परीक्षण किया गया
दिल्ली-एनसीआर में इसे शुरू करने से पहले दक्षिण रेलवे द्वारा लगभग एक साल तक 10 हॉल्ट स्टेशनों पर परीक्षण किया गया है। इसमें सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद उसे दिल्ली एवं आसपास के हॉल्ट स्टेशनों पर लागू करने की योजना है। इसलिए रेलवे द्वारा दिल्ली एनसीआर में स्टेशन संभाल रहे अधिकारियों से उन हॉल्ट स्टेशनों की सूची मांगी गई है, जहां पर यह सेवा शुरू करनी चाहिए। इन स्टेशनों पर यूटीएस मोबाइल सेवा के लिए जल्द टेंडर निकाला जाएगा ताकि यात्रियों को आसानी से टिकट मिल सके।
कई स्टेशन पर होती है भीड़
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में कई हॉल्ट स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट के लिए कतार देखने को मिलती है। इनमें मंगोलपुरी, होलंबी कला, पटेल नगर आदि शामिल हैं। कई बार इंटरनेट सेवा बाधित होने पर टिकट बनने में भी परेशानी होती है। मोबाइल यूटीएस पर मोबाइल का ही इंटरनेट रहता है जिससे परेशानी होती है।
प्रमुख हॉल्ट स्टेशन
● मंगोलपुरी
● होलंबी कलां
● मुंडका
● मंडावली चंद्र विहार
● नारायणा विहार
● चाणक्यपुरी
● प्रगति मैदान
● पटेल नगर
● सेवा नगर
क्या है यूटीएस सेवा
रेलवे की यूटीएस (Unreserved Ticketing System) मोबाइल सेवा एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने की सुविधा देता है।
क्या हैं इसकी मुख्य विशेषताएं
● बिना लाइन के टिकट: इसके जरिये यात्री अपने स्मार्टफोन से जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन (MST) टिकट बिना लाइन में लगे बुक कर सकते हैं।
● पेपरलेस सुविधा: टिकट सीधे मोबाइल पर 'Show Ticket' विकल्प में दिखता है, जिसे इंटरनेट के बिना भी टीटीई को दिखाया जा सकता है।
● दूरी की सीमा: यह सुविधा स्टेशन परिसर के एक निश्चित दायरे (आमतौर पर 20 मीटर से 5 किलोमीटर के बीच) में ही काम करती है ताकि चलती ट्रेन में टिकट न बनाया जा सके।
● पेमेंट: इसमें 'R-Wallet' या UPI/डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया जा सकता है।




साइन इन