राघव चड्ढा से कहा गया था कि सगाई तोड़ लो, आप के पूर्व नेता ने क्या कर दिया दावा, बोले- जड़ यही
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके नवीन जयहिंद ने राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को लेकर नया दावा किया है। सौरभ भारद्वाज को जवाब देते हुए कहा कि झगड़े की शुरुआत ही दोनों की सगाई से हुई थी।

आम आदमी पार्टी (आप) में हुई टूट-फूट और झगड़े की बात अब राघव चड्ढा की शादी तक पहुंच गई है। एक तरफ जहां 'आप' ने राघव चड्ढा की परिणीति चोपड़ा से हुई शादी का क्रेडिट लेने की कोशिश की तो दूसरी तरफ पार्टी के एक पूर्व नेता ने दावा किया है कि असल में इस झगड़े की शुरुआत ही इसलिए हुई क्योंकि राघव ने परिणीति से शादी की। उन्होंने यहां तक दावा किया कि राघव को परिणीति से सगाई और बाद में शादी तोड़ने तक को कहा गया था।
हरियाणा में 'आप' के अध्यक्ष रह चुके नवीन जयहिंद ने एक वीडियो के जरिए अपनी पुरानी पार्टी पर निशाना साधा और राघव चड्ढा की शादी का जिक्र करते हुए इसे झगड़े की जड़ बताया। उन्होंने कहा, ‘पूर्व मंत्री सौरभ कह रहा है कि राघव चड्ढा की शादी इसलिए हुई क्योंकि उसे विधायक, सांसद और पंजाब का सुपर सीएम बनाया। लेकिन उसने यह नहीं बताया कि उसकी शादी करवानी थी इसलिए उसे एमएलए बनाया गया, एमपी बनाया गया और फिर सुपर सीएम बनाया गया पंजाब का।’
नवीन जयहिंद ने कहा, ‘वह शादी गलत जगह हुई। शादी परिणीति चोपड़ा से नहीं होनी थी। यह अंतर आया। मैं पूछना चाहता हूं पूर्व मंत्री से कि जब सगाई हुई थी परिणीति चोपड़ा से झगड़ा तो वहीं से शुरू हुआ था। उसको यह कहा गया सगाई होने के बाद भी, शादी तोड़ ले। शादी के बाद भी तलाक लेने को कहा गया। सौरभ भारद्वाज तो राघव चड्ढा का तौलिया उठाए फिरते थे। क्या भूल गए उस बात तो।’
राघव और सौरभ बताएं पूरा सच: नवीन जयहिंद
उन्होंने आगे कहा, 'राघव चड्ढा वीडियो में कह रहे हैं कि यह कारण था, वह कारण था। अब तो सच बता देना चाहिए। अब तो सच बता दे मेरे भाई, अब तो खोल दे पोल। अब क्यों डर रहा है। बता दे सच कि क्या-क्या हुआ है। आपको तो सब पता है। मैं सौरभ भारद्वाज से भी कहूंगा कि वह बताएं पूरा सच।' हालांकि, नवीन जयहिंद ने यह नहीं बताया कि राघव चड्ढा की परिणीति चोपड़ा से शादी पर किसी को क्यों ऐतराज था। उन्होंने यह जरूर कहा कि उसकी शादी कहीं और चाहते थे, पर किससे यह नहीं बताया।
आप ने क्या कहा राघव चड्ढा की शादी पर
एक दिन पहले दिल्ली के पूर्व मंत्री और आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राघव चड्ढा की परिणीति चोपड़ा से शादी इसलिए हो पाई क्योंकि आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सासंद बनाया वरना उनको कोई पूछता नहीं। गौरतलब है कि सितंबर 2023 में राघव चड्ढा की अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा के साथ शादी हुई थी।




साइन इन