गुरुग्राम में पुलिस ने 'पव्वा' के अवैध बंगले पर चलाया बुलडोजर, मुक्त कराई 3 करोड़ की जमीन
पुलिस ने बताया कि 'अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने जमीन माफिया और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है, जो आगे भी लगातार जारी रहेगा।'

गुरुग्राम में भूमाफियाओं के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने एक गुरुवार को एक नई कार्रवाई को अंजाम देते हुए बुधेरा गांव में नरेंद्र उर्फ 'पव्वा' नाम के आदतन अपराधी की करोड़ों रुपए की अवैध सम्पत्ति के जमींदोज कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि नष्ट की गई इमारत लगभग 300 स्क्वेयर यार्ड (वर्ग गज) जमीन पर बनी थी और आरोपी इसे अपने एक दफ्तर के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। इसका बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ रुपए था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इस इमारत में अवैध रूप से खोदे गए बोरवेल के जरिए पानी बेचने का धंधा भी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक नरेंद्र उर्फ 'पव्वा' धनवापुर गांव का रहने वाला है, और गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में आठ मामले दर्ज हैं।
स्थानीय प्रशासन व क्राइम ब्रांच ने मिलकर की कार्रवाई
साथ ही अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने तोड़फोड़ की इस कार्रवाई को पालम विहार क्राइम ब्रांच और जिला प्रशासन के साथ मिलकर अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने मिलकर आरोपी के अवैध कार्यालय को पूरी तरह से तोड़ दिया गया है।
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही पुलिस
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई जमीन माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ 'जीरो-टॉलरेंस' नीति के तहत की गई है, और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इससे एक दिन पहले पुलिस ने कुख्यात अपराधी रविंद्र उर्फ 'सरकार' द्वारा अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन पर बने दो मंजिला मकान को बुलडोजर चलाकर मिट्टी में मिला दिया था।
बुधवार को ताज नगर में गिराया था 'सरकार' का महल
यह कार्रवाई फर्रुखनगर इलाके के ताज नगर गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई थी। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया था कि आरोपी से मुक्त कराई गई संपत्ति का बाजार मूल्य करोड़ों रुपए में है ।गुरुग्राम पुलिस के बताया था कि रविंद्र भी एक दर्जन से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उस पर हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन जैसे 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
350 वर्ग गज जमीन पर कब्जा कर बनाया था ‘महल’
पुलिस जांच में सामने आया कि शातिर अपराधी रविंद्र ने लगभग 350 वर्ग गज जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था और यहां पर उसने सात कमरों वाला दो मंजिला मकान अवैध रूप से बना भी लिया था। इतना ही नहीं इस अवैध इमारत को किराए पर चढ़ाकर वह इससे अवैध कमाई भी कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि 'अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने जमीन माफिया और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है, जो आगे भी लगातार जारी रहेगा।'




साइन इन