दिल्ली सरकार हर हफ्ते लगाने जा रही 'जनसुनवाई कैंप', जानिए किन समस्याओं का समाधान मिलेगा यहां
सिरसा ने कहा कि, 'मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आसानी से सुविधा मिल सके।'

राशन कार्ड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को एक बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। ऐसे लोगों की परेशानियों को हल करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा विशेष 'जन सुनवाई कैंप' का आयोजन किया जा रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को बताया कि इन कैंपों में जाकर आम नागरिक, राशन कार्ड से जुड़ी किसी भी समस्या को लेकर अपना शिकायती आवेदन दे सकता है और उसका समाधान पा सकता है।
मंत्री सिरसा ने बताया कि ये कैंप 2 मई से हर शनिवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रत्येक जिला कार्यालय में सुबह 9:00 से 11:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि राशन कार्ड से जुड़े सभी मामलों के निपटान के लिए वे कैंप में आ सकते हैं और समाधान ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन कैंपों में आकर लोग राशन कार्ड से जुड़ी अपनी समस्याएं जैसे नया कार्ड बनवाना, सुधार, पात्रता और वितरण से जुड़े मुद्दे सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और उनका समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
यहां मिलेगी जिला कार्यालयों की जानकारी
सिरसा ने कहा कि जिन लोगों को राशन कार्ड से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या है, वे अपने नजदीकी जिला कार्यालय में तय समय पर जाकर आवेदन देकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं और वहीं समाधान पा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला कार्यालयों की जानकारी और सेवाओं के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जा सकते हैं या टोल-फ्री नंबर 1967 या 14445 पर संपर्क कर सकते हैं।
लोगों को मौके पर ही मिलेगा जांच और समाधान
सिरसा ने आगे बताया कि इन कैंपों के सफल बनाने के लिए खाद्य व आपूर्ति विभाग द्वारा विशेष टीमों की व्यवस्था की गई है, जो नागरिकों को मौके पर ही जांच और समाधान सुनिश्चित करेगी। साथ ही इन कैंपों में प्राप्त होने वाली शिकायतों को डिजिटल तरीके से ट्रैक किया जाएगा, ताकि समय पर फॉलो-अप हो सके और जवाबदेही बनी रहे।
सीएम के निर्देश- ये मामले खासकर निपटाएं
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड से जुड़े सभी मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए, खासकर वे मामले जहां लोगों को लगता है कि उनके कार्ड गलत तरीके से बंद हो गए हैं। ऐसे मामलों में लोग कैंप में आकर तुरंत आवेदन कर सकते हैं और मौके पर ही समाधान पा सकते हैं।
आगे उन्होंने कहा कि, 'मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आसानी से सुविधा मिल सके।'
सिरसा बोले- हम लोगों और सरकारी सेवाओं की दूरी कम कर रहे
प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री सिरसा ने कहा कि हम लोगों और सरकारी सेवाओं के बीच की दूरी को कम कर रहे हैं और शिकायतों के समाधान को लोगों के दरवाजे तक ला रहे हैं। ताकि कोई भी पात्र परिवार अपने हक से वंचित नहीं रहेगा। सरकार पारदर्शी और जनता केंद्रित सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, और लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की उसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें PDS (पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम) को मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है।




साइन इन