'पुलिस कुछ नहीं कर पाएगी', दिल्ली पुलिस SWAT कमांडो के पति ने साले से फोन पर क्या-क्या कहा
दिल्ली पुलिस की स्वाट कमांडो काजल चौधरी की उनके पति अंकुर द्वारा कथित तौर पर निर्मम हत्या किए जाने के बाद अंकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। काजल के भाई निखिल के मुताबिक, अंकुर ने उन्हें फोन पर कहा था कि ‘मैं तेरी बहन को मार रहा हूं। पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी’।

दिल्ली पुलिस की स्वाट कमांडो 27 वर्षीय काजल चौधरी की उनके पति द्वारा कथित तौर पर की गई निर्मम हत्या के बाद उनके मायकेवालों ने पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। काजल के भाई निखिल के मुताबिक, हत्या से पहले के क्षण बेहद भयावह थे, जब वह अपनी बहन की चीखें सुनकर भी कुछ नहीं कर पाया। बहन के पति ने उससे कहा था कि ‘मैं तेरी बहन को मार रहा हूं। पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी’। बता दें कि पति द्वारा पिटाई किए जाने से गंभीर रूप से घायल 4 महीने की गर्भवती काजल की 27 जनवरी को अस्पताल में मौत हो गई थी। आरोप है कि काजल के पति अंकुर ने उन्हें कई दिनों तक पीटा था। अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क था और दिल्ली कैंट में तैनात था। दंपती का डेढ़ साल का एक बेटा है, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के साथ है।
फोन पर बहन की चीखें सुनकर बेबस रह गया भाई
निखिल ने 22 जनवरी की उस भयावह घटना के बारे में कांपती आवाज में बताया, जब काजल के पति अंकुर ने कथित तौर पर भारी डम्बल से उसके सिर पर वार किया था।
निखिल ने कहा, “अंकुर ने मुझे फोन पर बातचीत को रिकॉर्ड करने को कहा और कहा कि इसे पुलिस द्वारा सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। फिर उसने मुझे बताया कि वह उसे (काजल को) मार रहा है। और फिर, मैंने उसकी चीखें सुनीं।”
गाजियाबाद के अस्पताल में हुई थी मौत
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात काजल, हमले के समय मोहन गार्डन स्थित अपने घर पर थीं और वह चार महीने की गर्भवती थी। रक्षा मंत्रालय में क्लर्क उसके पति अंकुर को हमले के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। काजल ने 5 दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद 27 जनवरी की सुबह गाजियाबाद के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
अंकुर ने निखिल को किया था फोन
संसद मार्ग थाने में तैनात कॉन्स्टेबल निखिल ने बताया कि घटनाक्रम अंकुर द्वारा फोन किए जाने के बाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा, “उसने मुझे फोन किया और कहा, 'अपनी बहन को समझा ले'। मैंने उसे शांत होने के लिए कहा और तुरंत अपनी बहन का नंबर मिलाया।”
निखिल ने बताया, “काजल आमतौर पर हमें अपने बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताती थी, लेकिन उस दिन वह अपनी आपबीती सुना रही थी। जब हम बात कर रहे थे, तो अंकुर इस बात से नाराज हो गया कि वह मुझे बातें क्यों बता रही है और उसने उससे फोन छीन लिया।”
उन्होंने कहा, “फिर अंकुर ने मुझसे कहा, इस कॉल को रिकॉर्डिंग पर रख, पुलिस ‘एविडेंस’ में काम आएगा। मैं तेरी बहन को मार रहा हूं। पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी। फिर मैंने काजल की चीखें सुनीं। फोन अचानक कट गया।”
अंकुर ने फोन पर दी काजल के मरने की खबर
निखिल के मुताबिक, लगभग 5 मिनट बाद उनका फोन फिर बजा और "अंकुर ने कहा, 'ये मर गई है। अस्पताल आ जाओ।’ इसके बाद हम पुलिस कर्मियों के साथ तुरंत वहां पहुंचे। वह और उसके परिवार के सदस्य पहले से ही मौजूद थे। जब मैंने अपनी बहन को देखा... दुश्मन भी किसी को इस तरह नहीं मारता।"
परिवार के अनुसार, काजल का सिर बुरी तरह से कुचला गया था और उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे।
निखिल ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन को कई अस्पतालों में भर्ती कराने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि उसके बचने की संभावना बहुत कम है। अंततः उसे गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
काजल के बेटे हम पालेंगे : निखिल
परिवार ने अंकुर और उसके रिश्तेदारों पर गर्भावस्था के दौरान काजल को लंबे समय तक यातना देने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। निखिल ने कहा, “काजल के बेटे को इस घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं है और हमने फैसला किया है कि हम ही उसकी परवरिश करेंगे। जब वह समझदार हो जाएगा और ऐसी बातें समझने लगेगा, तब हम उसे बताएंगे।"
कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे काजल और अंकुर
काजल और अंकुर पानीपत में कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे और 23 नवंबर, 2023 को उनकी शादी हुई थी। परिवार के अनुसार, हरियाणा के गन्नौर स्थित अपने पैतृक घर में लगातार झगड़ों के कारण, वे दिसंबर 2024 में पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन में किराये के मकान में रहने चले आए। हालांकि, यह भी लड़ाई-झगड़े जारी रहे।
आर्थिक तंगी और घरेलू झगड़े भी तनाव का कारण थे : पुलिस
पुलिस ने बताया कि आर्थिक तंगी और घरेलू झगड़े भी तनाव का कारण थे। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "दंपती ने कुछ कर्ज ले रखा था और अक्सर पैसों और घर खर्च को लेकर उनके बीच बहस होती रहती थी।"
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अंकुर ने पहले काजल का सिर चौखट से दे मारा और उसके बाद डम्बल से उस पर हमला किया।’’
मृतका के भाई निखिल की शिकायत के आधार पर मोहन गार्डन थाने में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि शुरू में उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। उसकी मौत के बाद, इसे हत्या के मामले में बदल दिया गया है।




साइन इन