delhi police swat commando kajal murder husband ankur arrested her mother statement शादी के पहले दिन से ही पति करता था कलह... SWAT कमांडो काजल की मां ने क्या बताया, Ncr Hindi News - Hindustan
More

शादी के पहले दिन से ही पति करता था कलह... SWAT कमांडो काजल की मां ने क्या बताया

दिल्ली पुलिस की महिला SWAT कमांडो काजल ने पति के जानलेवा हमले के बाद दम तोड़ दिया। आरोपी पति ने विवाद के दौरान डंबल से सिर पर वार किया था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या और दहेज का केस दर्ज किया है।

Fri, 30 Jan 2026 11:52 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
शादी के पहले दिन से ही पति करता था कलह... SWAT कमांडो काजल की मां ने क्या बताया

दिल्ली पुलिस की जिस धाकड़ SWAT कमांडो ने आतंकियों से लड़ने की सख्त ट्रेनिंग ली थी, वह अपने ही घर की चारदीवारी में सुरक्षित नहीं रह सकी। 22 जनवरी को पति द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद मंगलवार को काजल ने दम तोड़ दिया। काजल की शादी 2023 में हुई थी। उसने अपनी मां को बताया कि शादी के पहले ही दिन से घर में कलह होना शुरू हो गई थी।

शादी के पहले दिन से ही बता रही थी सबकुछ

काजल की मां मीना ने बताया कि 23 नवंबर 2023 को शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच झगड़े शुरू हो गए थे। उन्होंने बताया, 'जिस दिन वह विदा हुई, उसी दिन से बहस शुरू हो गई थी। वह मुझे पहले दिन से ही सबकुछ बता रही थी।' दोनों की मुलाकात पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी और सरकारी नौकरी लगने के बाद दोनों ने शादी की थी। आरोपी पति अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है।

मां का सपना पूरा करने के लिए बनी थीं कमांडो

काजल की कहानी संघर्ष और जज्बे की थी। उनकी मां पुलिस अफसर बनना चाहती थीं, लेकिन पारिवारिक कारणों से नहीं बन पाईं। मां का यह अधूरा सपना काजल ने पूरा किया। सिलेक्शन के लिए काजल ने दो साल तक कड़ी मेहनत की। वह सूरज उगने से पहले उठकर दौड़ लगाती थीं, जबकि उनकी मां साइकिल से उनके साथ चलती थीं। आखिरकार काजल दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल बनीं और फिर स्पेशल सेल की ऑल-विमेन SWAT टीम में शामिल हो गईं। वह पिछले तीन साल से दिल्ली पुलिस की SWAT टीम का हिस्सा थीं।

kajal murder

डंबल से सिर पर वार, दरवाजे से टकराया सिर

22 जनवरी की रात को मोहन गार्डन स्थित घर में एक छोटी-सी बात पर विवाद इतना भयानक हो गया कि अंकुर ने काजल का सिर दरवाजे की चौखट से टकराया और फिर लोहे के डंबल से जमकर वार किए। काजल चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। हमला इतना बेरहम था कि रात में ही उन्हें ब्रेन-डेड घोषित कर दिया गया। पांच दिन जिंदगी से जूझने के बाद 27 जनवरी को उन्होंने दम तोड़ दिया। अजन्मा बच्चा भी नहीं बचा।

भाई को फोन पर दी गई 'कबूलनामा' वाली धमकी

सबसे दिल दहला देने वाला हिस्सा ये है कि हमले के दौरान अंकुर ने काजल के भाई निखिल को फोन किया और कहा ,'रिकॉर्ड कर लो, मैं तेरी बहन को मार रहा हूं।' निखिल ने अपनी बहन की चीखें सुनीं, लेकिन कुछ कर नहीं पाए। बाद में अंकुर ने फिर फोन कर कहा, 'आकर लाश ले जाओ।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:काजल मर चुकी है, अस्पताल पहुंचो…; गर्भवती कमांडो की हत्या पर भाई के खुलासे
ये भी पढ़ें:दिल्ली में पति ने ली महिला कमांडो बीवी की जान, दहेज व घरेलू विवाद की भयावह कहानी

दहेज हत्या का केस दर्ज, ससुराल वाले रडार पर

पुलिस ने आरोपी पति अंकुर को हिरासत में ले लिया है। पहले यह मामला हत्या के प्रयास का था, जिसे अब हत्या में बदल दिया गया है। पुलिस ने मामले में दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं और अब काजल के ससुराल वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।