दिल्ली में हो रहा था एक्सपायर्ड सामान के साथ 'खेल', सॉफ्टड्रिंक की हजारों कैन व बिस्किट के पैकेट बरामद
मौके पर मौजूद शिवम सिंह और लोकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान, दोनों ने बताया कि वे इस पूरे अवैध सेटअप और यहां रखे पूरे सामान के मालिक कमल मुदगिल के इशारे पर काम कर रहे थे।

दिल्ली के द्वारका इलाके में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो मल्टीनेशनल कंपनियों के एक्सपायर्ड (समय सीमा समाप्त) खाद्य पदार्थों और सॉफ्ट ड्रिंक्स को दोबारा पैक कर बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में ऐसा एक्सपायर्ड खाने-पीने के सामान जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान उसने अलग-अलग ब्रांड के सॉफ्ट ड्रिंक्स के 3,096 कैन और बड़ी मात्रा में जाने-माने ब्रांड के बिस्किट बरामद किए हैं, जिनकी पैकेजिंग और स्टिकर बदलकर नकली मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट लिख दी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल मुदगिल (56), शिवम सिंह (27) और लोकेश कुमार (35) के रूप में हुई है।
नकली तारीख डालने वाले प्रिंटिंग मशीन भी बरामद
टीम ने मौके से एक प्रिंटिंग मशीन भी बरामद की, जिसका इस्तेमाल नकली मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट छापने के लिए किया जाता था। साथ ही, उत्पादों पर लिखी असली जानकारी को मिटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले थिनर केमिकल भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया फर्जीवाड़े का पूरा तरीका
पुलिस उपायुक्त (क्राइम ब्रांच) हर्ष इंदोरा के अनुसार, 'पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बाजार से एक्सपायर्ड या एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके उत्पाद खरीदते थे। फिर थिनर का इस्तेमाल करके उन पर लिखी असली मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर मिटा देते थे। इसके बाद, वे मशीन का इस्तेमाल करके उन पर नई तारीखें छाप देते थे।' इसके बाद, इन उत्पादों को कार्टन में दोबारा पैक किया जाता था और बाजार में बेच दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
नकली बैच नंबर व एक्सपायरी वाला सामान हुआ जब्त
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान फर्म के लाइसेंस की जांच करने और सैंपल लेने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद, जिन खाद्य उत्पादों पर नकली बैच नंबर और एक्सपायरी डेट लिखी थी, उन्हें जब्त कर लिया गया।
एक्सपायर्ड सामान खरीदते, पुरानी तारीख बदलकर करते थे खेल
इस कार्रवाई के बारे में एक बयान जारी करते हुए पुलिस ने बताया कि, '29 मार्च को हमें जानकारी मिली थी कि द्वारका के बामनोली गांव में कुछ लोग अवैध काम कर रहे हैं और बड़े ब्रांड्स के एक्सपायर्ड या एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके खाने-पीने के सामान की पुरानी तारीख बदलकर उन्हें नई तारीख के साथ दोबारा बाजार में बेचने के लिए तैयार कर रहे थे।' आगे उन्होंने बताया कि इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने द्वारका के सेक्टर-28 में एक गोदाम पर छापा मारा, जहां गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में सॉफ्ट ड्रिंक्स और पैकेटबंद खाने का सामान मिला।
मौके पर मौजूद शिवम सिंह और लोकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान, दोनों ने बताया कि वे इस अवैध सेटअप और पूरे सामान के मालिक कमल मुदगिल के इशारे पर काम कर रहे थे। बयान में आगे कहा गया कि कुछ ही देर बाद मुदगिल भी मौके पर पहुंच गया, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।




साइन इन