गाजियाबाद में किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने किया भंडाफोड़; महिला समेत 3 गिरफ्तार
गाजियाबाद के शास्त्रीनगर ई-ब्लॉक में किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए कविनगर पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद के शास्त्रीनगर ई-ब्लॉक में किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए कविनगर पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मौके पर मिली तीन अन्य महिलाओं को पीड़ित मानते हुए उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, 21 हजार रुपए और आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि शास्त्रीनगर ई-ब्लॉक में महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर कविनगर पुलिस, मिशन शक्ति टीम और शास्त्रीनगर चौकी पुलिस के साथ संयुक्त टीम के साथ 21 मई को मकान पर दबिश दी गई। एसीपी ने बताया कि मकान के बाहर एक शख्स और तीन महिलाएं मिलीं, जबकि एक कमरे से एक पुरुष और महिला हड़बड़ाते हुए बाहर निकले। पूछताछ में बाहर मिले शख्स ने अपनी पहचान संजीव कुमार निवासी संजयनगर सेक्टर-23 के रूप में बताई। उसकी तलाशी में मोबाइल, छह हजार 150 रुपए और आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। वहीं, कमरे से बाहर निकले व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद आरिफ निवासी हापुड़ बताया। उसके पास से मोबाइल और 10 हजार 700 रुपये बरामद किए गए। वहीं, महिला ने अपना नाम रूबी बताया।
संजीव और सुनीता मिलकर चला रहे थे धंधा
पूछताछ में संजीव कुमार ने बताया कि उसने मकान किराए पर लेकर देह व्यापार के लिए इस्तेमाल कर रखा था। वह ग्राहकों को बुलाता था, जबकि सुनीता नाम की महिला महिलाओं को इस काम के लिए लाती थी। दोनों मिलकर देह व्यापार से कमाई कर घर चलाते थे। सुनीता ने भी पूछताछ में स्वीकार किया कि वह विभिन्न महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से मिलवाती थी। पुलिस के अनुसार, मौके पर मिली अन्य महिलाओं ने बताया कि गरीबी और आर्थिक मजबूरी के चलते उन्हें इस काम में धकेला गया।
तीन महिलाओं को पीड़ित माना
एसीपी के मुताबिक मौके पर मिली तीन महिलाओं को पीड़ित और गवाह मानते हुए उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की है। तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। इस मामले में संजीव कुमार, सुनीता और आरिफ के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।




साइन इन