PM Modi unique appeal at the inauguration ceremony of Noida International Airport 'मैंने सिर्फ पर्दा हटाया, उद्घाटन आप करें’- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर PM मोदी की अनोखी अपील, Ncr Hindi News - Hindustan
More

'मैंने सिर्फ पर्दा हटाया, उद्घाटन आप करें’- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर PM मोदी की अनोखी अपील

एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी बोले- मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, उद्घाटन आप लोग करें। इसके बाद पीएम मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से फ्लैश लाइट जलवाई।

Sat, 28 March 2026 12:47 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share
'मैंने सिर्फ पर्दा हटाया, उद्घाटन आप करें’- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर PM मोदी की अनोखी अपील

"मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, उद्घाटन आप लोग करें।" जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने जनता से अनोखी अपील की, जिसके बाद वहां मौजूद भीड़ झूम उठी। एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने लोगों से पूछा- "उद्घाटन हो गया? नहीं। अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है। लेकिन मैं आज चाहता हूं कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन यहां जो भी मौजूद है, आप सब करें।" इसके बाद वहां मौजूद भीड़ झूम उठी।

फ्लैश लाइट जलवाकर जनता से कराया उद्घाटन

पीएम मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा- आप लोग अपना मोबाइल फोन निकालिए और अपने फोन का फ्लैश लाइट जलाइए। आप लोग खुद इसका उद्घाटन दिया जलाकर करिए। यहां उपस्थित हर व्यक्ति आज इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। ये आप सबकी अमानत है। ये आपका भविष्य है। इसलिए उसका उद्घाटन भी आपके हाथों से हो रहा है। हाथ ऊपर करके फ्लैश लाइट दिखाइए। इसके बाद पीएम मोदी ने भारत माता की जय के नारे लगवाए और पूरा माहौल गूंज उठा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आज, UP में हो जाएंगे 5 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे

'विकसित UP, विकसित भारत' अभियान में एक नया अध्याय शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं जहां भी देखता हूं, मुझे उत्साहित और ऊर्जावान युवा नजर आते हैं। ये युवा जानते हैं कि यह प्रोजेक्ट उनके भविष्य को नई उड़ान देगा। आज हम 'विकसित UP, विकसित भारत' अभियान में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में से एक बन गया है, जहां सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। मुझे विशेष रूप से खुशी है कि मुझे इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखने और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला, जिसे मैंने आप सभी के साथ साझा किया। जिस राज्य ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, अब उसकी पहचान इस भव्य हवाई अड्डे से होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के जेवर में 11,282 करोड़ रुपये की लागत से बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट चार चरणों में पूरा होगा जिसकी कुल अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यपाल, कई केंद्रीय और राज्य मंत्री भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूरे गौतमबुद्ध नगर में सुरक्षा के व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। इसमें सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से लेकर हजारों पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE : नोएडा एयरपोर्ट UP के युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देगा : PM नरेंद्र मोदी

जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा, जिसके पास 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट होंगे, जिससे जेवर उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में स्थापित हो जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।