Jewar Airport Inauguration : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के जेवर में 11,282 करोड़ रुपये की लागत तैयार नोएडा इंटरनेशनल के पहले फेज का रिमोट दबाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यपाल, कई केंद्रीय और राज्य मंत्री भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। यह प्रोजेक्ट चार चरणों में पूरा होगा जिसकी कुल अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है। एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूरे गौतमबुद्ध नगर में सुरक्षा के व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। इसमें सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से लेकर हजारों पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा, जिसके पास 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट होंगे, जिससे जेवर उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में स्थापित हो जाएगा। यहां पढ़ें जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़े पल-पल के अपडेट
ये भी पढ़ें :-
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन में जाने को इन रास्तों से निकलें, देखें रूट-पार्किंग प्लान
जेवर एयरपोर्ट को 4 एक्सप्रेसवे और 1 NH से सीधा जोड़ने की तैयारी, समझें पूरा रूट प्लान
घने कोहरे में भी लैंडिंग और उड़ान, 10 मिनट में चेक इन; जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की खास बातें
28 Mar 2026, 01:32:24 PM IST
देश में आज आज 160 से अधिक एयरपोर्ट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उड़ान योजना के तहत बीते कुछ वर्षों में 1.60 करोड़ से अधिक देशवासियों ने सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलिपैड बनाने की योजना है। किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
28 Mar 2026, 01:30:14 PM IST
कुर्सी जाने के डर से पहले नोएडा नहीं आते थे सत्ताधारी
पीएम मोदी ने कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, “नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं।” मैंने कहा, “मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी।” आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।
28 Mar 2026, 01:18:59 PM IST
जेवर हवाईअड्डा पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं 'डबल-इंजन' सरकार के UP के विकास की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रमाण हैं। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है, जबकि मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज, स्मार्ट कनेक्टिविटी प्रदान कर रही हैं। यह जेवर हवाईअड्डा पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है... यहां से हर 2 मिनट में विमान उड़ान भरेंगे। पहले, समाजवादी पार्टी नोएडा को अपने फायदे के लिए एक 'ATM' की तरह इस्तेमाल करती थी, लेकिन BJP सरकार के तहत, नोएडा UP के विकास का इंजन बन रहा है।
28 Mar 2026, 01:17:01 PM IST
वैश्विक संकट के दौर में भी भारत ने अपना तेज विकास जारी रखा : PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में भी भारत ने अपना तेज विकास जारी रखा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ ही हफ्तों में यह चौथी बड़ी परियोजना पूरी हुई है। इस दौरान, नोएडा में एक विशाल सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का उद्घाटन किया गया। साथ ही, देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी और मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया। आज, आप सभी के द्वारा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन किया गया है।
28 Mar 2026, 01:13:22 PM IST
आज का यह कार्यक्रम भारत के नए दृष्टिकोण का प्रतीक : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम भारत के नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। हर कोई देख सकता है कि दुनिया कितनी चिंतित है। पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में युद्ध चल रहा है। युद्ध के कारण भोजन, पेट्रोल, डीजल, गैस, कोयला और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। चारों ओर संकट छाया हुआ है और हर देश इसका सामना करने की कोशिश कर रहा है। हमारा भारत भी अपने नागरिकों की शक्ति पर भरोसा करते हुए, पूरी ताकत से इस संकट से लड़ रहा है।
28 Mar 2026, 01:07:34 PM IST
भारत पूरी ताकत से इस चुनौती का सामना कर रहा : PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से संघर्ष जारी है और भारत पूरी ताकत से इस चुनौती का सामना कर रहा है। भारत संघर्ष से प्रभावित इस क्षेत्र से कच्चे तेल और गैस पर निर्भर है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है कि इसका बोझ परिवारों और किसानों पर न पड़े।
28 Mar 2026, 01:05:14 PM IST
PM ने विपक्ष पर तंज कसते हुए तीखे प्रहार भी किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन मंच से विपक्ष पर तंज कसते हुए तीखे प्रहार भी किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने नोएडा को लूट का ATM बना दिया था, लेकिन आज BJP सरकार के तहत UP विकास का इंजन बन रहा है।
28 Mar 2026, 12:59:36 PM IST
आज का कार्यक्रम भारत की नई भावना को दर्शाता है : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम भारत की नई भावना को दर्शाता है। ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और भोजन, ईंधन तथा उर्वरक जैसी जरूरी चीजों की कमी के कारण दुनिया चिंतित है, भारत पूरी ताकत के साथ इस संकट का सामना कर रहा है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इसका बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े।
28 Mar 2026, 12:54:28 PM IST
नोएडा एयरपोर्ट विकसित उत्तर प्रदेश के उदय का प्रतीक होगा : PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नोएडा में बनने वाले इस हवाई अड्डे से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों को बहुत लाभ मिलेगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उड़ानें इस क्षेत्र को दुनिया से जोड़ेंगी और यह एक विकसित उत्तर प्रदेश के उदय का प्रतीक भी होगा। मैं इस भव्य हवाई अड्डे के लिए उत्तर प्रदेश के लोगों, विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के लोगों को बधाई देता हूं।
28 Mar 2026, 12:50:35 PM IST
नोएडा एयरपोर्ट UP के युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देगा : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं जहां भी देखता हूं, मुझे उत्साहित और ऊर्जावान युवा नजर आते हैं। ये युवा जानते हैं कि यह प्रोजेक्ट उनके भविष्य को नई उड़ान देगा। आज हम 'विकसित UP, विकसित भारत' अभियान में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में से एक बन गया है, जहां सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। मुझे विशेष रूप से खुशी है कि मुझे इस हवाई अड्डे की आधारशिला रखने और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला, जिसे मैंने आप सभी के साथ साझा किया। जिस राज्य ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, अब उसकी पहचान इस भव्य हवाई अड्डे से होगी।
28 Mar 2026, 12:42:30 PM IST
पीएम मोदी ने जनता से कराया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन
PM मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "क्या उद्घाटन हो गया है? नहीं। मैं चाहता हूं कि यहाँ मौजूद आप सभी लोग इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करें। कृपया अपने मोबाइल फोन निकालें, फ्लैशलाइट चालू करें और इस तरह आप इसका उद्घाटन करेंगे।"
28 Mar 2026, 12:29:33 PM IST
PM मोदी ने किया जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल के पहले फेज का रिमोट दबाकर उद्घाटन कर दिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
28 Mar 2026, 12:27:53 PM IST
आज पड़ोसी देशों में अव्यवस्था का माहौल है : योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने मंच से विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज पड़ोसी देशों में अव्यवस्था का माहौल है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में भारत पूरी तरह से स्थिर और सुरक्षित खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह विजन रहा है कि जिसका शिलान्यास करो, उसका उद्घाटन भी करो। इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री मोदी के हाथों हुआ था, आज उद्घाटन भी उनके हाथों होने जा रहा है।
28 Mar 2026, 12:08:21 PM IST
सीएम योगी ने पीएम को दिया स्मृति चिन्ह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन मंच पर पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री मोदी को स्मृति चिन्ह स्वरूप भगवान बुद्ध की कलाकृति भेंट कर उनका स्वागत किया।
28 Mar 2026, 11:53:09 AM IST
PM मोदी जेवर एयरपोर्ट पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहले चरण के उद्घाटन से पहले जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। उनके साथ UP के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। पीएम ने एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों से प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी भी ली।
28 Mar 2026, 11:40:13 AM IST
आज भारत और भारत के लोगों का सम्मान विश्व शिखर पर है : महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का जो संकल्प है जिसके कारण आज भारत और भारत के लोगों का सम्मान विश्व शिखर पर है। आज युद्ध नहीं बुद्ध के मार्ग पर चलकर हम नई ऊंचाइयां पा रहे हैं... जेवर वासी आज प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए ललाइत है... मैं किसानों को धन्यवाद करता हूं और बधाई भी देता हूं।
28 Mar 2026, 11:37:10 AM IST
‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में बैठ सके ऐसा देश हमें बनाना है’
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की दृष्टि से भी और उत्तर प्रदेश की दृष्टि से भी जेवर एयरपोर्ट का आज प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन यह गौरव का दिन, ऐतिहासिक दिन है... चुनाव तो 2027 में भाजपा तीसरी बार जीतने जा रही है लेकिन विकास हमारा मुख्य लक्ष्य रहता है... हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में बैठ सके ऐसा देश हमें बनाना है और जेवर इसी कड़ी में एक सौगात है।
28 Mar 2026, 11:15:55 AM IST
‘जेवर एयरपोर्ट PM मोदी का विजन और योगी आदित्यनाथ का सपना’
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर बॉलीवुड फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी का विजन और योगी आदित्यनाथ का सपना है, हम सब इसे साकार होते देख रहे हैं। मैं जेवर में एक अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी विकसित कर रहा हूं, इस परियोजना से उसे लाभ होगा।
28 Mar 2026, 11:11:15 AM IST
जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को एक शानदार तोहफा दे रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न सिर्फ भारत की सेवा करेगा, बल्कि एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट भी होगा। मैं इस उपलब्धि के लिए पूरे प्रदेश और पीएम मोदी को बधाई देता हूं। यह 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस एयरपोर्ट के उद्घाटन से न सिर्फ यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।
28 Mar 2026, 10:21:31 AM IST
एविएशन प्रोफेशनल्स के लिए सपना सच होने जैसा : अमित मित्तल
एविएशन एक्सपर्ट अमित मित्तल ने कहा कि यह देश के ज्यादातर लोगों, खासकर एविएशन प्रोफेशनल्स के लिए एक सपना सच होने जैसा है। मैं 20 साल से अधिक समय से एविएशन इंडस्ट्री में हूं और मैंने इस जेवर एयरपोर्ट को बनते हुए देखा है। इससे एविएशन इंडस्ट्री को बहुत बड़ा बढ़ावा मिलेगा और इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी और दिल्ली एनसीआर इलाके में दूसरा एयरपोर्ट भी मिलेगा। आने वाले समय में, जैसे-जैसे ट्रैफिक बढ़ेगा, हमारी इंटरनेशनल कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। हमें यह मौका मिलेगा कि यह एयरपोर्ट दुनिया के पूर्वी हिस्से को पश्चिमी हिस्से से जोड़े और दिल्ली में इस इलाके का एविएशन हब बनने की क्षमता हो सकती है। प्रधानमंत्री आज इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आ रहे हैं। उत्तर भारत के लोगों को इससे बहुत फायदा होगा। इससे बहुत ज्यादा आर्थिक विकास भी होगा। इससे एविएशन इंडस्ट्री के साथ-साथ अलग-अलग इंडस्ट्री के दूसरे प्रोफेशनल्स को भी बढ़ावा मिलेगा।
28 Mar 2026, 09:53:04 AM IST
जेवर विधानसभा के लिए आज स्वर्णिम अध्याय लिखा जाएगा : विधायक धीरेंद्र सिंह
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले जेवर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि लोगों में बहुत उत्साह है। जेवर विधानसभा के लिए आज स्वर्णिम अध्याय लिखा जाएगा, जब प्रधानमंत्री जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इस जमीन पर गोलियां चलती थी, वहां आज यह सपना साकार हो रहा है... यहां हर घर में खुशहाली होगी... 45 दिन बाद घरेलू उड़ाने शुरू हो जाएंगी और 3 महीने बाद अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने आरंभ हो जाएंगी। यहां बहुत अच्छी सुविधाएं भी दी जा रही हैं, अति आधुनिक मशीनें भी लगाई गई हैं।"
28 Mar 2026, 09:47:20 AM IST
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सुबह-सुबह ही जेवर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
28 Mar 2026, 09:25:46 AM IST
जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर लिखा, '' 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।''
28 Mar 2026, 09:20:54 AM IST
प्रधानमंत्री कार्गो टर्मिनल का भी उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री कार्गो टर्मिनल का भी उद्घाटन करेंगे और भारत के विमानन बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधा की आधारशिला रखेंगे।
28 Mar 2026, 09:19:06 AM IST
गौतमबुद्धनगर जिले की सीमाओं पर बढ़ी चौकसी
गौतमबुद्धनगर जिले की सीमाओं, विशेषकर हरियाणा सीमा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा अलीगढ़, बुलंदशहर समेत आसपास के जिलों की सीमाओं पर भी पुलिस और गश्ती वाहन हर आधा किलोमीटर पर तैनात किए गए हैं।
28 Mar 2026, 09:18:13 AM IST
सुरक्षा के लिए कई जिलों से बुलाई पुलिस फोर्स
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। 10 आईपीएस अधिकारियों के साथ पीएसी की 10 कंपनी और आरएएफ की दो कंपनी की तैनाती की गई है।
28 Mar 2026, 09:15:32 AM IST
आईएसटीएमएस के जरिये की जाएगी निगरानी
नोएडा एक्सप्रेसवे पर अति विशिष्ट (वीवीआईपी) लोगों की आवाजाही की निगरानी आईएसटीएमएस के जरिये की जाएगी।
28 Mar 2026, 09:14:58 AM IST
एयरपोर्ट परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैल सके। निगरानी के लिए एयरपोर्ट परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे।
28 Mar 2026, 09:14:14 AM IST
पीएसी, आरएएफ, एटीएस और सीआईएसएफ की टीमें भी तैनात
एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम से पहले और दौरान सुरक्षा जांच, बम निरोधक जांच और अन्य सुरक्षा उपाय लगातार किए जाएंगे। परिसर में मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और महिलाओं की जांच के लिए अलग व्यवस्था की गई है। सुरक्षा में पुलिस के साथ पीएसी, आरएएफ, एटीएस और सीआईएसएफ की टीमें भी तैनात हैं। ड्रोन से संभावित खतरे को देखते हुए एंटी-ड्रोन यूनिट्स को भी सक्रिय किया गया है और पूरे क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया गया है।
28 Mar 2026, 09:13:05 AM IST
पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर सख्त जांच की जा रही है और बिना तलाशी, पहचान पत्र व बैग की जांच के किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
28 Mar 2026, 09:12:38 AM IST
7 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम स्थल पर 7 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 300 हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।