PM मोदी 28 को करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, 3 लेयर के होंगे सुरक्षा इंतजाम; 2 लाख लोग जुटेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से गुरुवार को इसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा सख्त कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से गुरुवार को इसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट से 20 अप्रैल के बाद उड़ान शुरू करने की तैयारी है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां से प्रतिवर्ष 1.20 करोड़ यात्री उड़ान भर सकेंगे। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चार हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इस दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी। पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा सख्त कर दी है। पुलिसकर्मी ड्रोन उड़ाकर पूरे क्षेत्र पर नजर रख रहे हैं।
जेवर एयरपोर्ट का 1334 हेक्टेयर में निर्माण किया गया है। पहले चरण में 3900 मीटर लंबा रनवे, यात्री टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर (एटीसी) और कार्गो हब का निर्माण किया गया है। बीती छह मार्च को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर चुका है। अब गुरुवार को एयरपोर्ट के उद्घाटन की तिथि तय कर दी गई। इसके बाद कार्यक्रम के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
पहली लेयर में एसपीजी कमांडो होंगे
पुलिस के अधिकारियो के मुताबिक, प्रधानमंत्री के लिए हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट के उद्घाटन स्थल तक अलग-अलग चरणों में फोर्स को तैनात किया जाएगा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के तीन लेयर होंगे। पहली लेयर में एसपीजी कमांडो होंगे। दूसरी लेयर में पुलिस अधिकारी और अर्धसैनिक बल शामिल होंगे। तीसरी लेयर पुलिस की होगी, जिसमें चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल होंगे। सुरक्षा का मास्टर प्लान तैयार होने के बाद सभी को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले एसपीजी और केंद्रीय एजेंसियां पूरे क्षेत्र में व्यवस्था जांचेंगी। एयरपोर्ट के आसपास की इमारतों पर भी हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
जनसभा में दो लाख से अधिक लोग जुटेंगे
प्रधानमंत्री की जनसभा में दो लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी हिसाब से मौके पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट के शिलान्यास में भी इतने ही लोग पहुंचे थे। भाजपा के संगठन कार्यकर्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए धरातल पर उतर चुके हैं। स्वयं जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने जेवर समेत आसपास इलाके से 80 हजार लोग लेकर पहुंचने का लक्ष्य रखा है। वे प्रशासन के अधिकारियों से भी बैठकें कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में कौन-कौन होंगे शामिल
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नागरिक उड्डयन मंत्री, प्रदेश के राज्यपाल समेत कई मंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए अलग-अलग हेलीपेड तैयार किए जाएंगे। नागरिक उड्डयन मंत्री के लिए भी हेलीपेड तैयार किया जाएगा। इसके लिए 10 स्थान चिह्नित किए गए हैं।
पार्किंग स्थल तक सड़क बननी शुरू
वर्तमान में एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए दो रूट हैं। माना जा रहा है कि एक रूट को रिजर्व रखा जाएगा। ऐसे में दयानतपुर और रोही के पास दो अस्थायी गेट बनाए जा रहे हैं। इन गेट से पार्किंग स्थल तक सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका है। एयरपोर्ट पर कार्यरत छह हजार कर्मचारियों का सत्यापन किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री 22 मार्च को तैयारियां परखेंगे
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मार्च को ग्रेटर नोएडा आएंगे। वह सीधे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और एयरपोर्ट की विकासकर्ता कंपनी, निर्माण से जुड़ी एजेंसियों, पुलिस और प्रशासन अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उद्घाटन की तैयारियां की समीक्षा करेंगे। समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट का दौरा भी करेंगे। मुख्यमंत्री सांसद, विधायक, पार्टी संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, ताकि प्रधानमंत्री की जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जा सके।
पूर्व राज्यपाल ने एयरपोर्ट का भ्रमण किया
हिमाचल एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा भी गुरुवार को नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ एयरपोर्ट का भ्रमण किया। अधकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट की खूबियों के बारे में बताया। इसकी विकास यात्रा से रूबरू कराया। पूर्व राज्यपाल ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट की भव्यता देखकर बहुत अच्छा लगा। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में नोएडा एयरपोर्ट मील का पत्थर साबित होगा। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम और नायल सीईओ आरके सिंह और अन्य अफसर मौके पर बैठकें कर तैयारी की समीक्षा कर कार्य पूरा करने में जुट गए हैं।
राजीव नारायण मिश्रा, अपर पुलिस आयुक्त,''नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है । पुलिस अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।''




साइन इन