पिंक सहेली कार्ड से क्या एक घंटे में एक ही मुफ्त यात्रा होगी? DTC का नियम समझ लीजिए
डीटीसी के एक पीआर मैनेजर राकेश ने 'एक घंटे की सीमा' को लेकर कंफ्यूजन दूर करते हुए बताया कि एक बस में एक घंटे के भीतर कार्ड का दो बार इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। लेकिन दूसरी-तीसरी बस में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

दिल्ली में मुफ्त बस सफर के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। पिंक टिकट की बजाय अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से महिलाओं को मुफ्त बस सफर का लाभ दिया जाएगा। पिछले 12 दिन में एक लाख से अधिक महिलाओं ने कार्ड बनवा लिया है। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस कार्ड के जरिए एक घंटे के भीतर एक से अधिक मुफ्त यात्राएं नहीं की जा सकती हैं, लेकिन लाइव हिन्दुस्तान से बातचीत में डीटीसी ने इसका खंडन करते हुए बताया कि पूरा सच क्या है।
डीटीसी के एक पीआर मैनेजर राकेश ने 'एक घंटे की सीमा' को लेकर कंफ्यूजन दूर करते हुए बताया कि एक बस में एक घंटे के भीतर कार्ड का एक से अधिक बार इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। लेकिन दूसरी-तीसरी बस में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘पिंक सहेली कार्ड की पूरी व्यवस्था पहले से जांची परखी जा चुकी है। इसमें किसी तरह की खामी नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘कार्ड का दुरुपयोग रोकने के लिए एक घंटे में एक बार टैप की सीमा रखी गई है, लेकिन यह एक ही बस में एक घंटे के भीतर एक से अधिक इस्तेमाल को रोकता है।’
एक बस में एक घंटे में एक बार
उदाहरण देकर उन्होंने समझाया कि यदि कोई महिला एक बस में सवार होती है और अगले कुछ स्टॉप के बाद उतरकर दूसरी रूट की बस में सवार हो जाती है तो वह उसमें कार्ड का इस्तेमाल कर पाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक बस में एक घंटे के भीतर एक से अधिक बार इस्तेमाल नहीं किए जाने की व्यवस्था की गई है ताकि इसका दुरुपयोग ना हो सके।
एक लाख से अधिक महिलाओं ने बनवा लिए कार्ड
डीटीसी की ओर से बताया गया है कि पिछले 12 दिनों में एक लाख से अधिक महिलाओं ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा लिया है। राजधानी में 50 केंद्रों पर सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं।
अभी पिंक टिकट से भी यात्रा
अभी महिलाएं पहले की तरह पिंक टिकट से भी मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। मौजूदा समय में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड और पिंक टिकट दोनों से मुफ्त यात्रा की जा सकती है। आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान पिंक टिकट योजना को लागू किया गया था। हालांकि, रेखा गुप्ता सरकार का कहना है कि पिंक टिकट के जरिए सरकारी खजाने को चूना लगाया जा रहा था, इसलिए नई व्यवस्था लागू की गई है।




साइन इन