छोटे कपड़े, रीलबाजी; सास-ससुर ने सल्फास खाकर जान दे दी, हरियाणा में दिल्ली वाली बहू पर क्या आरोप
मॉर्डन कल्चर में पली-बढ़ी और इंस्टाग्राम के लाइक्स-कॉमेंट को सबसे जरूरी मानने वाली एक बहू से दुखी होकर सास-ससुर ने सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। आरोप है कि बहू झगड़ा करती थी और उन पर हमला भी करती थी।

हरियाणा के पानीपत में 'इंस्टाग्राम कल्चर बनाम पिछली पीढ़ी की जीवनशैली के बीच होने वाले टकराव' की वजह से खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। मॉर्डन कल्चर में पली-बढ़ी और इंस्टाग्राम के लाइक्स-कॉमेंट को सबसे जरूरी मानने वाली एक बहू से दुखी होकर सास-ससुर ने सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। आरोप है कि बहू छोटे कपड़े पहनकर रील बनाती थी जो सास-ससुर को पसंद नहीं था और टोकने पर वह उन्हें प्रताड़ित करती थी। कई महीनों से चले आ रहे विवाद से दुखी होकर दोनों ने खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पुलिस ने बहू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
घटना पानीपत के नारा गांव की है। राजेश (46) और सुमन (44) के इकलौते बेटे आशीष की शादी दिल्ली की स्नेहा के साथ करीब 15 महीने पहले हुई थी। बताया जाता है कि इंस्टाग्राम पर स्नेहा के रील्स देखने के बाद आशीष उसके संपर्क में आया था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और यह प्यार में बदल गई। कुछ समय बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद जनवरी 2025 में स्नेहा और आशीष की धूमधाम से शादी कराई गई।
हालांकि, दिल्ली के मॉर्डन परिवार से आने वाली स्नेहा की जीवनशैली सास-ससुर को पसंद नहीं आई। उन्हें बहू का वेस्टर्न कपड़ों में रहना, छोटे कपड़ों में रील बनाना और अधिकतर समय इंस्टा-फेसबुक पर सक्रिय रहना पंसद नहीं था। शुरुआत में वे चुप रहे, लेकिन फिर टोका-टाकी करने लगे। इधर, स्नेहा को भी यह पसंद नहीं था कि कोई उसकी उसकी जिंदगी में दखल दे। नतीजा यह हुआ कि सास-ससुर और बहू के बीच तनाव रहने लगा। आपसी झगड़े बढ़ गए। स्नेहा के ससुराल के लोगों का यह भी आरोप है कि वह राजेश और सुमन को पीटती भी थी।
बेटा भी लेता था बहू का पक्ष
ससुराल पक्ष के लोगों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजेश और सुमन बहू से तो परेशान थे ही, उन्हें इस बात का भी बहुत दुख था कि इकलौता बेटा भी पत्नी का ही पक्ष लेता था और उन्हें भला-बुरा कहता था। इस बीच शनिवार की दोपहर एक बार फिर स्नेहा और उसके सास-ससुर के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि इससे दुखी होकर राजेश और सुमन ने सल्फास निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोनों को पानीपत सिविल अस्पताल ले गए। यहां पहुंचते ही सुमन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, राजेश को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। लेकिन रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मतलौडा पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में स्नेहा के अलावा उसकी मां, पिता और बहन के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एसआई राकेश कुमार के मुताबिक, मृतक राजेश के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।




साइन इन