जान से मारने के पैसे मिले; गाजियाबाद के कारोबारी की हत्या के 7 महीने बाद पत्नी को धमकी भरा कॉल
गाजियाबाद के एक कारोबारी की हत्या के सात महीने बाद उसकी पत्नी को धमकी भरा कॉल आया है। आरोपी ने फोन पर कहा कि उसे उसको मारने के लिए पैसे मिले हैं।

गाजियाबाद में होटल कारोबारी की हत्या के साढ़े सात महीने बाद उसकी पत्नी से फोन पर गाली-गलौज तथा हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने यह भी कहा कि इस काम के उसे रुपये मिले हैं। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सिकरोड गांव में रहने वाली सोनिया ने 17 जनवरी को नंदग्राम थाने में शिकायत देकर बताया कि उनके पति राहुल डागर की एक जून 2025 को हत्या हो चुकी है। हत्याकांड से जुड़े होने के चलते 17 जनवरी की दोपहर 12 बजकर 14 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई।
फोन पर धमकी- मारने के पैसे मिले
कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी कहा कि उसे धमकी देने और गाली देने के लिए रुपये मिले हैं। सोनिया के मुताबिक फोन काटने के बाद भी आरोपी लगातार कॉल करता रहा, जिससे वह भयभीत हो गईं। घटना के बाद उन्होंने तत्काल नंदग्राम पुलिस को बताया और थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
यह हुई थी घटना
एक जून 2025 की रात राजनगर एक्सटेंशन में क्लासिक रेजिडेंसी सोसाइटी के सामने पार्टनरशिप के विवाद में सिकरोड निवासी होटल कारोबारी राहुल डागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि गोली लगने से उसका भतीजा आशीष घायल हो गया था।
आरोपियों को बचाने का आरोप
हत्याकांड में साहिबाबाद निवासी नागेंद्र चौधरी, उसके भाई मनीष चौधरी, राज गार्डन सोसाइटी निवासी मोहित चौधरी और रितेश बिंदल, दिल्ली निवासी रोहित शर्मा उर्फ मंत्री तथा प्रदीप शर्मा शामिल थे। पुलिस हत्याकांड में शामिल आरोपियों को जेल भेज चुकी है। परिजनों ने नंदग्राम पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया था, जिसके चलते अधिकारियों ने मुकदमे की विवेचना विजयनगर थाने को स्थानांतरित कर दी थी।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने कहा कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी तक पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन