शालीमार बाग में पूर्व आप विधायक का ठिकाना भी तोड़ दिया गया, 150 ढांचों पर गरजा बुलडोजर
Shalimar Bagh Demolition Drive: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग में रविवार सुबह बुलडोजर एक्शन में 150 से ज्यादा ढांचों को तोड़ दिया गया। अतिक्रमण हटाने के इस अभियान में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक का दफ्तर भी तोड़ दिया गया है। देश की राजधानी के अंदर ये तोड़फोड़ अदालती आदेश के बाद हो रही है।

Shalimar Bagh Demolition Drive: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग में रविवार सुबह बुलडोजर एक्शन में 150 से ज्यादा ढांचों को तोड़ दिया गया। अतिक्रमण हटाने के इस अभियान में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक का दफ्तर भी तोड़ दिया गया है। देश की राजधानी के अंदर ये तोड़फोड़ अदालती आदेश के बाद हो रही है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इसे अंजाम दिया गया, ताकि किसी भी तरह के विपरीत परिस्थितियों को संभाला जा सके। सबसे बड़ा सवाल है, आखिर आप के किस विधायक के ठिकाने पर ये तोड़फोड़ हुई है। जानिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ।
जानकारी के मुताबिक, अतिक्रमण हटाओ अभियान में आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक वंदन कुमारी के दफ्तर को तोड़ दिया गया है। पुलिस ने बताया कि तड़के भारी पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था के चलते इलाके को एक तरह से किले में बदल दिया गया था। क्योंकि इलाके में कई हाईप्रोफाइल लोगों के ढांचे भी मौजूद थे। जैसे पूर्व आप विधायक का दफ्तर। ऐसे में हर ऐतिहात बरतते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) आकांक्षा यादव ने बताया, “सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से हटाए जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाने का अभियान योजना के अनुसार चल रहा है और शाम करीब छह बजे तक पूरा होने की उम्मीद है।” अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अभियान के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ-साथ, आरएएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 10 कंपनियों को तैनात किया गया है।
अधिकारी ने कहा, “अभियान की पूरी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन निगरानी, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। सभी निर्धारित क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अभियान के हर पहलू की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है।” उन्होंने कहा, ''आज सुबह इस अभियान के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाद से निवासियों की ओर से किसी भी प्रकार के महत्वपूर्ण प्रतिरोध या कानून-व्यवस्था संबंधी बड़ी समस्या की सूचना नहीं मिली है और अतिक्रमण-रोधी प्रक्रिया निर्बाध आगे बढ़ रही है।''
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने एक पोस्ट में लिखा, ''उच्चतम न्यायालय के आदेश और मौजूदा स्थिति को देखते हुए शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से प्रसारित हो रहे किसी भी भड़काऊ भाषण, अफवाह, भ्रामक संदेश या अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें।''
जिलाधिकारी एसएस परिहार ने बताया कि यह जमीन दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के मास्टर प्लान के तहत सार्वजनिक सड़क के रूप में नामित सरकारी भूमि का हिस्सा है।उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य शालीमार बाग, आजादपुर, रिंग रोड और आसपास के आवासीय व व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच यातायात जाम को कम करना और संपर्क को बेहतर बनाना है।




साइन इन