नोएडा एयरपोर्ट पर किराया सस्ता होने से आईजीआई का दबाव कम होगा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यूडीएफ कम होने के बाद फ्लाइट का किराया दिल्ली की तुलना में कम हो गया है। इससे दिल्ली आईजीआई पर यात्रियों का दबाव कम होगा। किराए में कटौती के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा, खासकर उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यूडीएफ कम होने के बाद आखिरकार फ्लाइट का किराया दिल्ली की तुलना में कम हो गया है। उड़ाने सस्ती होने से दिल्ली आईजीआई पर भी यात्रियों का दबाव कम हो सकेगा। इंडिगो व अकासा एयरलाइंस की ओर से किराए में कटौती के बाद माना जा रहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा। खासतौर पर नोएडा, ग्रेनो, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। लोगों का मानना है कि यदि किराया प्रतिस्पर्धी बना रहा तो उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट तक लंबा सफर तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद उत्तर भारत के एविएशन सेक्टर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यदि यहां लगातार कम किराए और कनेक्टिविटी बेहतर मिलती रही तो दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम हो सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर शुरुआत से ही यह उम्मीद जताई जा रही थी कि यह आम यात्रियों के लिए सस्ते और सुविधाजनक सफर का नया विकल्प बनेगा। अब एयरलाइंस कंपनियों द्वारा किराए में कटौती किए जाने के बाद यात्रियों की उम्मीदों को काफी हद तक सहारा मिला है.
यात्रियों के लिए यूडीएफ की यह दरें तय
ऐरा ने मंगलवार को नोएडा एयरपोर्ट के लिए यूजर डेवलपमेंट फीस (उपयोगकर्ता विकास शुल्क) की दरें तय की। साल 2026-27 के लिए तय की गई इन दरों के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले घरेलू यात्रियों को 490 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 980 रुपये का शुल्क देना होगा। इससे पहले यह काफी ज्यादा था, जिससे उड़ानों के किराये में अंतर भी साफ ही दिखाई दे रहा था.
एयरपोर्ट से कई कनेक्टिविटी प्रस्तावित
नोएडा एयरपोर्ट से कई कनेक्टिविटी प्रस्तावित है। इनमें गाजियाबाद से एयरपोर्ट तक मेट्रो व आरआरटीएस, रुंधी से चोला तक रेलमार्ग व दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन की सीधी कनेक्टिविटी के अलावा कई एक्सप्रेसवे भी एयरपोर्ट से जुड़ेंगे। जिससे एयरपोर्ट की उपयोगिता और अधिक बढ़ जाएगी। इसके अलावा एयरपोर्ट शुरू होने से पहले ही यहां कई राज्यों व शहरों से बस संचालन की तैयारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन