noida international film city when be operational know new facilities will work नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी में कब से लाइट कैमरा एक्शन? आगे किन सुविधाओं पर काम?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी में कब से लाइट कैमरा एक्शन? आगे किन सुविधाओं पर काम?

योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी के जल्द शुरू होने का अनुमान है। भूटानी इंफ्रा की ओर से विकसित इस फिल्म सिटी में कई सुविधाएं होंगी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Wed, 18 Feb 2026 04:23 PMKrishna Bihari Singh हिन्दुस्तान, नोएडा
share
नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी में कब से लाइट कैमरा एक्शन? आगे किन सुविधाओं पर काम?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी धरातल पर उतरने को तैयार है। मार्च के पहले सप्ताह से बॉलीवुड कलाकार यहां फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इस साल स्टूडियो भी बनकर तैयार हो जाएगा। 2026 में ही पांच फिल्मों की शूटिंग होने का दावा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सितंबर 2020 में ग्रेटर नोएडा के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र यमुना के सेक्टर 21 में फिल्म सिटी के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृत किया। इसके बाद यहां पर निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए। अब इस फिल्म सिटी में शूटिंग की तैयारी तेज है।

मार्च के प्रथम हफ्ते से शूटिंग

फिल्म सिटी का निर्माण करने वाली कंपनी भूटानी इंफ्रा के सीईओ आशीष भूटानी ने बताया कि पहली फिल्म की शूटिंग के लिए सेट तैयार हो चुका है। मार्च माह के प्रथम सप्ताह से यहां पर शूटिंग शुरू हो जाएगी। इस साल में यहां पर पांच बड़ी फिल्मों की शूटिंग होगी। निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं और इसी साल में यहां पर बन रहे स्टूडियो को शुरू कर दिया जाएगा। यहां पर सबसे पहले फिल्म मॉम-2 की शूटिंग होगी।

ये सुविधाएं विकसित होंगी

● फिल्म सिटी में एक बड़ा कन्वेंशन सेंटर बनेगा, जिसमें 8000 से 10000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। यहां फिल्म से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

● भारतीय सिनेमा पर आधारित एक म्यूज़ियम (संग्रहालय) भी बनाया जाएगा।

● एक फिल्म फेस्टिवल जोन भी बनेगा, जिसमें गेस्ट हाउस और ऑडिटोरियम शामिल होंगे।

● कलाकारों के लिए आवास बनेंगे।

● छोटे-छोटे स्टूडियो बनाए जाएंगे, जो भारत के अलग-अलग राज्यों की इमारतों की शैली को दर्शाएंगे। इन स्टूडियो को शूटिंग या मेहमानों के ठहरने के लिए किराए पर दिया जा सकेगा।

● यहां बड़े साउंड स्टेज (आवाज रिकॉर्डिंग के लिए बड़े हॉल) और एक स्पेशल अंडरवॉटर शूटिंग स्टूडियो भी होगा।

प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगा

आशीष भूटानी ने बताया कि फिल्म सिटी का निर्माण पूरा होने के बाद यह इलाका देश का सबसे प्रमुख पर्यटन स्थल बन जाएगा। यहां धार्मिक स्थल भी होंगे और युवाओं को लुभाने वाले रोमांचक गेम जोन, वाटर गेम और क्लब भी बनेंगे।

बनेगा लग्जरी टूरिज्म पैलेस

फिल्म सिटी में ही लंदन के बिसेस्टर विलेज की तरह लग्जरी टूरिज्म पैलेस बनाया जाएगा। इसका पूरा डिजाइन बनाया जा चुका है। यहां पर सभी बड़े लग्जरी ब्रांड के शोरूम और बड़े होटल होंगे। यहां दुनिया का सबसे बड़ा आउटलेट और इंवेट एरिना बनाने की भी योजना है। दुनिया का सबसे बड़ा मॉल भी बनेगा। फिल्म सिटी का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद फिल्म सिटी को घूमने के लिए ही किसी भी पर्यटक को 72 घंटे से अधिक का समय चाहिए होगा।

प्रथम चरण में होने वाले काम

1- फिल्म इंस्टीट्यूट- 21 एकड़

2- सर्विस एकोमोडेशन- 57 एकड़

3- हॉस्पिटैलिटी डॉरमेट्रीज- 2.37 एकड़

4- हॉस्पिटैलिटी उच्च श्रेणी- 5.15 एकड़

5- हॉस्पिटैलिटी अति उच्च श्रेणी- 3.60 एकड़

6- फूड एंड बेवरेज- 5.15 एकड़

7- कार्मिशियल ऑफिस- 2.37 एकड़

8- फिल्मिंग फैसिलिटी- 135 एकड़

मुख्यमंत्री कर सकते हैं शुभारंभ

मॉम-2 फिल्म की शूटिंग का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों होने की संभावना है। हालांकि, अभी इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। अगले हफ्ते 21 फरवरी को मुख्यमंत्री यमुना सिटी के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखने के लिए आएंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव भी होंगे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म सिटी में होने वाली शूटिंग का शुभारंभ योगी कर सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में बारिश से बदला मौसम; 32 डिग्री तक जाएगा तापमान, कब से बढ़ोतरी?
ये भी पढ़ें:हिमाचल में मौसम का यू-टर्न; पहाड़ों पर गिरी बर्फ, सर्द हवाओं से शिमला तक ठिठुरन
ये भी पढ़ें:नोएडा में सड़कों की बदलेगी सूरत; 150 किमी सड़कों की होगी रिसरफेसिंग, डेडलाइन तय
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।