नोएडा-ग्रेनो के बीच नया मार्ग जल्द होगा शुरू, हिंडन पुल का 50 फीसदी काम पूरा
नोएडा के सेक्टर-146/147 और ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 को जोड़ने वाले नए हिंडन पुल का निर्माण कार्य 50 प्रतिशत पूरा हो गया है। अगले छह महीनों में इस वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने से परी चौक पर वाहनों का दबाव कम होगा और दोनों शहरों के बीच सफर आसान हो जाएगा।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच निर्माणाधीन नए मार्ग को जल्द शुरू करने की तैयारी है। इस परियोजना का 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने मंगलवार को हिंडन पर बन रहे पुल का जायजा लिया।
हिंडन पर बन रहा पुल
नोएडा-ग्रेनो के बीच आवागमन को और आसान बनाने के लिए नॉलेज पार्क-3 से नोएडा सेक्टर-146/147 के बीच हिंडन पर पुल बन रहा है। इसके दोनों तरफ नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से संपर्क मार्ग बनाया जा रहा है।
24 करोड़ रुपये हो रहे खर्च
अधिकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा की तरफ संपर्क मार्ग की लंबाई लगभग एक किलोमीटर है, जिसे बनाने में लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। प्राधिकरण इसे शीघ्र बनाने के लिए प्रयासरत है। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने मंगलवार को निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया और इस कार्य को देख रहे वर्क सर्किल-5 की टीम को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
50 फीसदी काम पूरा
महाप्रबंधक ने बताया कि अब तक 50 फीसदी कार्य हो चुका है। शेष कार्य पूरा होने में छह माह का समय लगेगा। हिंडन पर पुल का निर्माण ब्रिज कार्पोरेशन की निगरानी में चल रहा है। पुल तैयार होने तक नोएडा की तरफ संपर्क मार्ग भी बन जाएगा। इस नए मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बन जाने से नोएडा-ग्रेनो के बीच सफर करने वालों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इससे परी चौक पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।




साइन इन