ग्रेटर नोएडा में बेरोजगारी से जूझ रहे पति ने 16वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, पत्नी से होती थी लड़ाई
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 16वीं मंजिल से कूदकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 साल के शत्रुघ्न सिन्हा के रूप में हुई है। वे मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले थे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 16वीं मंजिल से कूदकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 साल के शत्रुघ्न सिन्हा के रूप में हुई है। वे मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोगों ने सोसायटी परिसर में एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बेरोजगारी, घरेलू विवाद और सुसाइड
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शत्रुघ्न सिन्हा बीते कुछ समय से बेरोजगार था और इसी वजह से मानसिक तनाव में चल रहा था। इसके अलावा, उसका अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद भी चल रहा था, जिससे वह काफी परेशान बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पूछताछ और छानबीन जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक कब और किन परिस्थितियों में 16वीं मंजिल पर पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाने के लिए सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही परिवार के सदस्यों और सोसायटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
ग्रेटर नोएडा में इससे पहले भी हुए सुसाइड
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 23 जनवरी को भी एक इंजीनियरिंग छात्र ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।




साइन इन