नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच संपर्क मार्ग बनेगा, स्काईवॉक की शुरुआत होगी
लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी की सुविधा देने के लिए इस साल नोएडा प्राधिकरण कई महत्वपूर्ण कदम उठाएगा। नोएडा को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए सेक्टर-146 होते हुए नई कनेक्टिविटी मिलेगी। सेक्टर-51-52 मेट्रो स्टेशन बीच स्काईवॉक की शुरुआत होगी।

लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी की सुविधा देने के लिए इस साल नोएडा प्राधिकरण कई महत्वपूर्ण कदम उठाएगा। नोएडा को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए सेक्टर-146 होते हुए नई कनेक्टिविटी मिलेगी। सेक्टर-51-52 मेट्रो स्टेशन बीच स्काईवॉक की शुरुआत होगी।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में करीब दस महत्वपूर्ण परियोजनाएं बनकर तैयार हो जाएंगी। इससे लोगों को यातायात व्यवस्था से लेकर नए पार्कों में घूमने का मौका मिलेगा। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक जनवरी के अंत तक शुरू हो जाएगा। फिल्म सिटी रास्ते का जाम खत्म करने के लिए बन रहे चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम वर्ष 2027 के अंत तक पूरा होगा।
जिले की पहली पजल पार्किंग शुरू होगी
सेक्टर-63 में जिले की पहली पजल पार्किंग की शुरुआत पांच-छह महीने में हो जाएगी। इस पार्किंग में कम जगह पर ऊपर-नीचे अधिक वाहन खड़े हो सकते हैं। इसके बाद अगले चरण में सेक्टर-15 में अलका सिनेमा के पास और सेक्टर-126 में बनाई जाएगी।
दो नए अंडरपास का काम होगा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-128 सुल्तानपुर और सेक्टर-168 झट्टा गांव के सामने अंडरपास का काम शुरू होगा। इनको बनने में करीब डेढ़ साल का समय लगेगा। इसकेे बनने पर एक्सप्रेसवे के एक से दूसरे हिस्से में आना-जाना आसान होगा।
सेक्टर-146 से नई कनेक्टिविटी मिलेगी
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और परी चौक पर जाम में कमी लाने के लिए नोएडा से ग्रेनो के बीच नई कनेक्टिविटी की शुरुआत अप्रैल-मई तक हो जाएगी। सेक्टर-146-147 के सामने से हिंडन पर पुल बनाकर ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर को जोड़ा जाएगा। करीब छह साल से इसका काम चल रहा है। जमीन विवाद के कारण इसमें देरी हुई। अब इस नई कनेक्टिविटी की शुरुआत होने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।
ट्रेवलेटर लगाए गए
सेक्टर-51-52 मेट्रो स्टेशन को जोड़ते हुए स्काईवॉक का निर्माण चल रहा है। इस स्काईवॉक की शुरुआत फरवरी 2026 में हो जाएगी। स्काईवॉक पर एयरपोर्ट की तर्ज पर ट्रेवलेटर लगाए गए हैं। इससे लोगों को अधिक पैदल नहीं चलना पड़ेगा। लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
नोएडा प्राधिकरण के सीआओ लोकेश एम ने बताया कि वर्ष 2026 में लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू हो जाएंगी। नोएडा से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए नई कनेक्टिविटी मिलेगी। डियर पार्क में हिरण देखने को मिलेंगे। स्काईवॉक का काम होगा। वहीं, चिल्ला एलिवेटेड रोड का फायदा लोगों को वर्ष 2027 में मिलेगा।




साइन इन