नोएडा के इन 4 पार्कों का होगा कायाकल्प, प्राधिकरण ने दी मंजूरी; मांगे आवेदन
नोएडा प्राधिकरण ने शहर के 4 प्रमुख पार्कों को नया रूप देने की योजना बनाई है। सीईओ लोकेश एम ने इन पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

नोएडा शहर के मुख्य चार पार्कों को संवारा जाएगा। इनमें सेक्टर-78 स्थित वेदवन, सेक्टर-50 मेघदूतम, सेक्टर-91 औषधि और सेक्टर-137 स्थित डॉग पार्क हैं। इन्हें संवारने के लिए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ लोकेश एम ने मंजूरी दे दी है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग इन पार्कों में कौन-कौन से काम करवाकर और लोकप्रिय बनाया जा सकता है, इससे जुड़े प्रस्ताव के लिए प्राधिकरण ने निजी एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं। फिर टेंडर के जरिए काम करवाने के लिए एजेंसी का चयन होगा।
वेदवन पार्क का मौजूदा हाल
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि करीब 12 एकड़ में वेदवन पार्क है। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पार्क जून-2023 में आम जनता के लिए खोला गया था। इसके बाद अब यहां की हरियाली बदहाल हो चुकी है। झील की देखरेख सही नहीं हो पा रही है। लेजर लाइट एंड साउंड शो में खराबी बनी रहती है। लोहे की आकृतियों में भी जंग लग रही है।
औषधि पार्क की स्थिति
इसी तरह सेक्टर-91 में 25 एकड का औषधि पार्क वर्ष 2020 में काफी लोकप्रिय हुआ था। इसके बाद यहा लगा लेजर लाइट एंड साउंड शो कबाड़ हुआ और बंद हो गया। पौधों की संख्या भी ज्यादा नहीं बढ़ी। सेक्टर-50 का मेघदूतम पार्क सेक्टरों के बीच का है। यहां लोग लंबे समय में इसमें सुधार की मांग कर रहे हैं।
डॉग पार्क भी बदहाल
इसके अलावा डॉग पार्क 3.85 एकड़ में 3 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बना है। यह मई 2023 से बनकर तैयार है। लेकिन इस पार्क के संचालन को एजेंसी का चयन नहीं हो पाया है। ऐसे में परियोजना शुरू करने के वक्त कुत्तों की जिन सुविधाओं को प्रस्तावित बताया गया था वो नहीं मिल पा रही हैं।




साइन इन