नोएडा एयरपोर्ट की अड़चनें दूर, हफ्ते भर में मिलने लगेगी टिकट; उड़ानें भी जल्द शुरू होंगी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) ने एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी दे दी है। इससे उड़ानें शुरू होने की अंतिम बाधा भी दूर हो गई। सप्ताहभर में विमानों की टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) ने एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी देकर अड़चनें दूर कर दी हैं। इससे उड़ानें शुरू होने की अंतिम बाधा भी दूर हो गई। सप्ताहभर में विमानों की टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि बकास ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी सोमवार शाम दी गई। यह उड़ानों के लिए अंतिम बाधा थी, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। अब कंपनी एयरलाइंस और अन्य पार्टनर्स के साथ मिलकर उड़ानों की शुरुआत के लिए तारीख तय करेगी। उम्मीद है कि एक सप्ताह के अंदर एयरपोर्ट से फ्लाइट टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए यापल ने विमानन कंपनियों से बातचीत शुरू कर दी है।
मई अंत तक विमान सेवा शुरू होने की संभावना
मई अंत तक नोएडा एयरपोर्ट से 17 शहरों के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। पहले सिर्फ घरेलू और कार्गो विमान उड़ेंगे। विमान सेवा शुरू करने के लिए यापल ने इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा के साथ साझेदारी की है। वहीं, टिकट बुकिंग के साथ ही शहरों की सूची के नाम की जानकारी मिलेगी। टैरिफ दरें जल्द तय होंगी : एयरपोर्ट के लिए टैरिफ दरों को अंतिम रूप देने की तैयारी है। एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (ऐरा) ने स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक कर ली है। नोएडा एयरपोर्ट के लिए एक एड-हॉक टैरिफ जारी किया था, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 210 से 980 तक यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) का सुझाव दिया गया था। जल्द ही इस पर भी निर्णय लिया जाएगा।
तेजी से काम किया जा रहा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिल गई है। अब चार सप्ताह में एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। अगले सप्ताह तक टिकट बुकिंग सेवा भी शुरू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट संचालित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
जमीन अधिग्रहण की वैधता बरकरार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नोएडा एयरपोर्ट के फेज-2 और फेज-3 के भूमि अधिग्रहण के खिलाफ दाखिल याचिकाओं को निस्तारित कर दिया है। कोर्ट ने अधिग्रहण की वैधता को बरकरार रखा है, लेकिन किसानों की रिहायशी जमीन (आबादी) की सुरक्षा को लेकर यीडा और राज्य सरकार को कड़े निर्देश दिए।
कोर्ट ने माना कि अधिग्रहण की प्रक्रिया भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 के सभी चरणों (जैसे एसआईए सर्वे, जन सुनवाई और 70 प्रतिशत सहमति) का पालन करते हुए पूरी की गई है। यह आदेश न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी एवं न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह की खंडपीठ ने 12 अन्य किसानों की याचिका पर उनके अधिवक्ता महेश शर्मा और राज्य सरकार व प्राधिकरण के वकीलों को सुनकर दिया है।
आबादी की सुरक्षा पर कोर्ट ने यीडा के उस हलफनामे को अपने आदेश का हिस्सा बनाया है, जिसमें कहा गया है कि विस्थापित परिवारों की आबादी वाली जमीन का कब्जा तब तक नहीं लिया जाएगा, जब तक पुनर्वास स्थल पूरी तरह विकसित न हो जाए। प्रत्येक परिवार की मौजूदा आबादी का सटीक माप न ले लिया जाए।




साइन इन