Newborn Baby Kidnapping case from labour room of Baba Saheb Ambedkar Hospital Delhi दिल्ली के अस्पताल से नवजात का अपहरण, पहले भरोसा जीता फिर दूध पिलाने के बहाने महिला ने की वारदात, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के अस्पताल से नवजात का अपहरण, पहले भरोसा जीता फिर दूध पिलाने के बहाने महिला ने की वारदात

आरोपी महिला का पता लगाने और शिशु को सुरक्षित बरामद करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अस्पताल के विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

Tue, 17 Feb 2026 06:27 PMSourabh Jain भाषा, नई दिल्ली
share
दिल्ली के अस्पताल से नवजात का अपहरण, पहले भरोसा जीता फिर दूध पिलाने के बहाने महिला ने की वारदात

दिल्ली के रोहिणी स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल के लेबर रूम (प्रसव कक्ष) से तीन दिन के एक नवजात शिशु के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और इसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया है। पुलिस ने बताया कि, सुबह करीब नौ बजे उत्तरी रोहिणी थाने को पीसीआर कॉल के माध्यम से पुलिस को इस घटना की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें बताया गया कि एक अज्ञात महिला ने अस्पताल से एक नवजात शिशु का अपहरण कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'शिकायतकर्ता की पहचान नरेला निवासी शाहीन के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि उसे 12 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसने 14 फरवरी को एक बच्चे को जन्म दिया।'

अज्ञात महिला ने बात करके करीबी बढ़ाई

महिला ने बताया कि प्रसव कक्ष में भर्ती रहने के दौरान, लगभग 30 साल की एक अज्ञात महिला अक्सर उसके पास आती और बातें करती और इसी तरह उसने महिला का विश्वास धीरे-धीरे जीत लिया। 17 फरवरी को सुबह लगभग पांच बजे, महिला ने कथित तौर पर दूध पिलाने के बहाने शाहीन से नवजात शिशु को ले लिया।

भरोसा करके बच्चे को महिला को सौंपा और सो गई

पुलिस के अनुसार, 'उसकी बात पर विश्वास करते हुए, मां ने बच्चे को उसे सौंप दिया। बाद में वह सो गई। जब शाहीन सुबह करीब आठ बजे उठी, तो उसने पाया कि महिला और उसका बच्चा दोनों वार्ड से गायब थे। उसने तुरंत अपने पति को सूचित किया और पीसीआर कॉल की गई।'

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू कर दी जांच

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर, उत्तरी रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

महिला की तलाश में पुलिस ने खंगाले फुटेज

आरोपी महिला का पता लगाने और शिशु को सुरक्षित बरामद करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अस्पताल के विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिनमें प्रवेश और निकास द्वार, गलियारे और आसपास की सड़कें शामिल हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी संदिग्ध महिला

फुटेज की प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए विवरण से मेल खाने वाली एक महिला को नवजात शिशु को गोद में लिए हुए अस्पताल परिसर से बाहर निकलते हुए देखा गया है। अस्पताल के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और वार्ड परिचारकों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वार्ड में कैसे पहुंची और क्या वह किसी की रिश्तेदार या तिमारदार बनकर वार्ड में घुसी थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्व दिल्ली में संवरेंगी 236 सड़कें, खत्म होगा जलभराव! 1075 करोड़ की सौगात
ये भी पढ़ें:दिल्ली में तुर्कमान गेट पथराव मामले में 12 आरोपियों को राहत, कोर्ट ने दी जमानत
ये भी पढ़ें:दिल्ली के AI समिट में चोरी! CEO का दावा- स्टॉल से गायब हो गए डिवाइस

पुलिस अस्पताल में आने वाले लोगों के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी घटना से कुछ दिन पहले अस्पताल आई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बच्चे के साथ फरार होने से रोकने के लिए पड़ोसी जिलों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर अलर्ट जारी कर दिया गया है और आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।