गाजियाबाद में गोविंदपुरम से बापूधाम तक नया रोड बनेगा, हजारों लोगों को होगा फायदा
गाजियाबाद में गोविंदपुरम से मधुबन बापूधाम योजना को जोड़ने के लिए करीब आठ सौ मीटर का एक और मार्ग बनेगा। इसे बनाने के लिए जीडीए करीब 12 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस मार्ग के बनने से क्षेत्र में रहने वाली 50 हजार से अधिक आबादी को फायदा होगा। प्राधिकरण ने अगले माह से काम शुरू करने का दावा है।

गाजियाबाद में गोविंदपुरम से मधुबन बापूधाम योजना को जोड़ने के लिए करीब आठ सौ मीटर का एक और मार्ग बनेगा। इसे बनाने के लिए जीडीए करीब 12 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस मार्ग के बनने से क्षेत्र में रहने वाली 50 हजार से अधिक आबादी को फायदा होगा। प्राधिकरण ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले माह से काम शुरू करने का दावा है।
जीडीए करीब 80 के दशक में गोविंदपुरम आवासीय योजना लाया था। हालांकि, यह योजना 1997 के बाद बसना शुरू हुई थी। हापुड़ रोड के रास्ते ही गोविंदपुरम में आवाजाही होती थी। अब प्राधिकरण मधुबन बापूधाम योजना को विकसित करने में जुटा है। यह योजना दिल्ली-मेरठ रोड से जुड़ी हुई है, लेकिन योजना के प्रवेश मार्ग अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं है। ऐसे में प्राधिकरण मधुबन बापूधाम को बेहतर कनेक्टिविटी देने में जुटा है।
नई सड़क गेट नंबर तीन से जुड़ेगी
वर्तमान में करीब एक किलोमीटर लंबा एक मार्ग गोविंदपुरम और मधुबन बापूधाम योजना को जोड़ता है, लेकिन वह क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग को बेहतर तरीके से तैयार कराया जाएगा। साथ ही आठ सौ मीटर लंबी नई सड़क भी बनाई जाएगी। यह सड़क मधुबन बापूधाम के बुनकर मार्ट के पीछे से होते हुए गोविंदपुरम के गेट नंबर तीन से जुड़ेगी।
पीएम आवास के फ्लैटों तक पहुंचना आसान
गोविंदपुरम योजना के पास प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत फ्लैट का निर्माण चल रहा है। इस मार्ग के बनने का सबसे अधिक फायदा प्रधानमंत्री आवासीय योजना को होगा, क्योंकि अभी इन मकानों तक पहुंचने के लिए स्वर्णजयंती पुरम से निकलकर जाना पड़ता है या फिर सदरपुरम की तरफ से लंबा घूमकर आना पड़ रहा है। नया मार्ग बनने से समाजवादी आवास तक भी पहुंचने में आसानी हो जाएगी।
तिलपता गोलचक्कर पर जाम से राहत मिलेगी
उधर, ग्रेटर नोएडा के तिलपता गोलचक्कर पर सर्विस मार्ग और यूटर्न का निर्माण किया जा रहा है। यह काम अगले दो से तीन माह में पूरा होगा। परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के ओवरब्रिज तक सर्विस रोड का निर्माण जारी है। यह सात मीटर चौड़ी होगी। नोएडा एयरपोर्ट से अगले महीने हवाई जहाजों की उड़ान शुरू होने के बाद ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। इसलिए सड़कें चौड़ी की जा रही।




साइन इन