गाजियाबाद में 13 वीं मंजिल से गिरकर रेलवे इंजीनियर की मौत, मानसिक तौर पर थे परेशान
घटना रात करीब ढाई बजे की है। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

गाजियाबाद के विजयनगर थानाक्षेत्र में शनिवार देर रात रेलवे विभाग के एक सेक्शन इंजीनियर की 13वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना रात करीब ढाई बजे की है। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ये घटना विजयनगर के सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट की है।
सेक्शन इंजीनियर की 13वीं मंजिल से गिरकर मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 46 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। वह रेलवे विभाग में सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और परिवार के साथ एच-दो टावर में रहते थे। शनिवार देर रात वह 13वीं मंजिल से नीचे गिर गए। नीचे गिरने की तेज आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचा तो इमरान गंभीर हालत में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
किडनी की बीमारी और मानसिक परेशानी
जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि इमरान काफी समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और नियमित डायलिसिस पर चल रहे थे। बीमारी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या किए जाने की आशंका प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सोसायटी में फैला शक का माहौल
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एएन त्रिपाठी ने बताया कि इमरान मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से सोसायटी में रह रहे थे। घटना के बाद सोसायटी में शोक का माहौल है। वहीं, भारतीय योग संस्थान के क्षेत्रीय मंत्री कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि इस हृदय विदारक घटना के बाद संस्थान की ओर से पूर्व निर्धारित पत्रिका विमोचन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। योग साधना के बाद सभी योग साधकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




साइन इन