हंता वायरस के अब तक आठ मामले, छह में एंडीज स्ट्रेन
- कई देशों ने क्रूज से अपने नागरिकों निकालने का अभियान शुरू किया

मैड्रिड/वॉशिंगटन/ब्यूनस आयर्स, एजेंसी। डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को बताया कि हंता वायरस संक्रमण के कुल आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह मृत्यु दर करीब 38 प्रतिशत दर्ज की गई है।
संक्रमण की पुष्टि
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार छह मरीजों में पीसीआर जांच के जरिये एंडीज वायरस स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, जबकि दो मामले संदिग्ध हैं। एंडीज स्ट्रेन हंता वायरस का दुर्लभ प्रकार है, जो सीमित परिस्थितियों में व्यक्ति से व्यक्ति में भी फैल सकता है। चार संक्रमित मरीज अभी दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड और स्विट्जरलैंड के अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, जर्मनी भेजे गए एक संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें कि जब 2 मई को संक्रमण की पहली सूचना मिली, तब क्रूज पर 147 यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जबकि 34 अन्य लोग क्रूज से पहले ही उतर चुके थे।
अमेरिका ने शुरू की निकासी तैयारी
सीडीसी ने कहा कि वह क्रूज पर मौजूद अमेरिकी यात्रियों की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। एजेंसी ने बताया कि अमेरिकी नागरिकों को विशेष मेडिकल फ्लाइट के जरिये ओमाहा लाया जाएगा। क्रूज ऑपरेटर ओशनवाइड एक्सपीडिशंस के मुताबिक क्रूज पर 17 अमेरिकी नागरिक मौजूद हैं। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि स्थिति फिलहाल ठीक लग रही है।
यूरोपीय संघ भी अपने नागरिक को निकालेंगे
जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम, आयरलैंड और नीदरलैंड ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेजने की पुष्टि की है। स्पेन के गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का ने बताया कि यूरोपीय संघ बाकी नागरिकों के लिए अतिरिक्त विमान भेज रहा है।
संक्रमण की शुरुआत कहां से हुई, इस पर विवाद
अर्जेंटीना के दक्षिणी प्रांत टिएरा डेल फुएगो के अधिकारियों ने उस दावे को चुनौती दी है कि संक्रमण की शुरुआत उशुआया के कचरे के ढेर से हुई। प्रांतीय महामारी विज्ञान निदेशक जुआन फाकुंडो पेट्रिना ने कहा कि यह उशुआया को बदनाम करने के अभियान जैसा है। इस क्षेत्र में पहले कभी हंता वायरस का मामला दर्ज नहीं हुआ।
पर्यटन उद्योग पर असर पड़ेगा
उशुआया अंटार्कटिका जाने वाले क्रूज यात्रियों का प्रमुख प्रवेश द्वार माना जाता है। पिछले वर्ष यहां 1.57 लाख से अधिक क्रूज यात्री पहुंचे थे, जो स्थानीय आबादी से लगभग दोगुना है। ऐसे में वायरस की खबरों से पर्यटन उद्योग पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। टिएरा डेल फुएगो के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रूबेन राफेल ने कहा कि अब दुनिया भर में उशुआया और क्रूज यात्रा को वायरस से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे अगले सीजन की बुकिंग पर गंभीर असर पड़ सकता है।
जांच में देरी पर सवाल
अर्जेंटीना के स्वास्थ्य मंत्रालय ने उशुआया के कूड़ा-स्थल और आसपास के इलाकों में चूहों की जांच के लिए विशेषज्ञ भेजने की घोषणा की थी, लेकिन दो दिन बाद भी टीम वहां नहीं पहुंची। महामारी विशेषज्ञ सेलीन गाउंडर ने कहा कि संक्रमण के स्रोत का पता लगाना बेहद जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों को समय रहते चेतावनी दी जा सके। स्वतंत्र विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण का वास्तविक स्रोत संभवतः मध्य पैटागोनिया के जंगल हो सकते हैं, जहां एंडीज वायरस फैलाने वाले लंबी पूंछ वाले चूहे बड़ी संख्या में पाए जाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन