मोदी के नेतृत्व में विकास,विश्वास और जन कल्याण के 12 साल- नितिन नवीन
मोदी के नेतृत्व में विकास,विश्वास और जन कल्याण के 12 साल- नितिन नवीन-------------------------------विकसित भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहे कदम-दुनिया भर में बढ़ा भारत का...

मोदी के नेतृत्व में विकास,विश्वास और जन कल्याण के 12 साल- नितिन नवीन------------------------------ -विकसित भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहे कदम
-दुनिया भर में बढ़ा भारत का दबदबा
---------------------------
नईदिल्ली। विशेष संवाददाता
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लगातार 12 साल को विकास,विश्वास व जन कल्याण का काल करार देते हुए कहा है कि इस दौरान सभी मोर्चों पर देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। इस मौके पर नवीन ने मोदी सरकार की 12 साल की 12 बड़ी उपलब्धियों के साथ तीनों कार्यकालों में हुई उल्लेखनीय प्रगति का ब्यौरा भी रखा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस काल खंड में दुनिया भर में भारत का दबदबा बढ़ा है।
मोदी सरकार के 12 साल
भारत मंडपम में मोदी सरकार के 12 साल पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान,पियूष गोयल, अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। नवीन ने मोदी सरकार के अब तक के काल खंड को विश्वास, विकास और जनकल्याण का दौर बताते हुए कहा कि इस दौरान राष्ट्र निराशा से उबर कर विकसित भारत की राह पर अग्रसर हुआ है और विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढी है।
उपलब्धियों का ब्यौरा
नवीन ने कहा कि 2014 से पहले देश में अनिश्चितता और निराशा का माहौल था और चारों तरफ भ्रष्टाचार की चर्चा थी। देश का नेतृत्व उस समय कमजोर था और उसमें भटकाव की स्थिति थी । मोदी ने जनता को विश्वास दिया और उनके नेतृत्व में सुशासन से आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। मोदी सरकार के आने से पहले सरकार में बैठे लोगों के लिए सत्ता का उद्देश्य अपनी सत्ता बरकार रखना मात्र बन गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र प्रथम की सोच पैदा की और पूरे देश को उससे जोड़ा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विकसित भारत आज सामूहिक संकल्प बन चुका है।
समाज के लिए किए गए कार्य
नितिन नवीन ने 12 साल की 12 बड़ी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए। चार करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर लोगों के सिर पर छत दी गई। 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ दिया गया। तीन करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बनाकर नारी सशक्तिकरण किया गया। 57 करोड़ से ज्यादा मुद्रा लोन से स्वरोजगार की क्रांति लाई गई और 12 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कर नारी सम्मान सुनिश्चित किया गया।
रिकॉर्ड निर्यात और कनेक्टिविटी
नवीन ने कहा इस दौरान 38400 करोड़ का रिकार्ड रक्षा निर्यात के साथ 79 लाख करोड़ का रिकार्ड निर्यात किया गया। सामाजिक सुरक्षा कवरेज तीन गुना किया गया और वंदेभारत, आरआरटीएस जैसी विश्वस्तरीय ट्रेनों से कनेक्टिविटी को रफ्तार दी गई। यूपीआई ट्रांजैक्शन 12000 गुना हुआ और 314 करोड़ का डिजिटल लेनदेन हुआ। इसके साथ भारत नक्सल मुक्त हुआ।
संस्कृति और धरोहर का विकास
नवीन ने अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण,महाकाल और काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की राह पर बढ़ रहा है। गुलामी और औपनिवेशिक सत्ता के बहुत से चिह्न हटाये गये हैं। योग और गंगा आरती की दुनिया में पहचान बनी है। सरकार एक भारत,श्रेष्ठ भारत के भाव से आगे बढ़ रही है। अनुच्छेद 370 को हटा कर मोदी सरकार ने जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के -एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के संकल्प को साकार किया।
---------------------------
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन