नेपाली मूल की युवती से गुरुग्राम में गैंगरेप, ऑटो में सवार 3 लोगों ने लूटी आबरू
गुरुग्राम में नेपाली मूल की एक युवती के साथ गैंगरेप की शर्मनाक घटना सामने आई है। पीड़ित युवती कुरुक्षेत्र से अपनी एक सहेली से मिलने के लिए गुरुग्राम आई थी, जहां ऑटो में सवार तीन युवकों ने उसकी लाचारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

गुरुग्राम में नेपाली मूल की एक युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की शर्मनाक घटना सामने आई है। पीड़ित युवती कुरुक्षेत्र से अपनी एक सहेली से मिलने के लिए गुरुग्राम पहुंची थी, जहां ऑटो में सवार तीन युवकों ने उसकी लाचारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
24 वर्षीय पीड़िता ने गुरुग्राम पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह 23 फरवरी को कुरुक्षेत्र से गुरुग्राम के अशोक विहार में अपनी एक दोस्त से मिलने आई थी। हालांकि, वह जिस दोस्त से मिलने आई थी, वह वहां नहीं मिली। इससे वह काफी तनाव में आ गई। मानसिक परेशानी के चलते उसने शराब पी ली और वापस जाने के लिए एक ऑटो में सवार हो गई। उस ऑटो में तीन युवक पहले से बैठे हुए थे।
कमरे में ले जाकर किया गैंगरेप
युवती के अनुसार, नशे में होने के कारण वह अपनी सुध-बुध खो बैठी। वह इतनी अधिक नशे में थी कि उसे कुछ भी स्पष्ट रूप से याद नहीं था। अगले दिन जब उसका नशा उतरा और उसे होश आया, तो वह नाहरपुर रूपा चौकी क्षेत्र के एक अनजान कमरे में थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ऑटो में सवार उन तीनों युवकों ने कमरे में ले जाकर उसके साथ उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
एक आरोपी एटा से गिरफ्तार
पीड़िता 24 फरवरी को किसी तरह वहां से निकलकर सदर थाने पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी एटा निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की काउंसलिंग कराई गई
वारदात में शामिल अन्य दो युवकों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस द्वारा पीड़िता की काउंसलिंग भी करवाई गई है, ताकि उसका तनाव कम हो सके। जांच अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




साइन इन