दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के यात्रियों को बड़ी सौगात, शुक्रवार से दौड़ेंगी 2 नई 'नमो भारत'; भीड़ से मिलेगी राहत
दिल्ली-मेरठ 'नमो भारत' कॉरिडोर पर हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि भी देखी गई है। वर्तमान में इस रूट पर रोजाना औसतन लगभग एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए NCRTC (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) ने 22 मई शुक्रवार से पीक ऑवर्स यानी व्यस्त समय के दौरान आठ अतिरिक्त 'नमो भारत' ट्रेनों के फेरे शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को कम करना और पूरे कॉरिडोर में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच को और मजबूत करना है।
कब-कब चलेगी अतिरिक्त ट्रेन
संशोधित समय-सारणी के अनुसार ये आठ अतिरिक्त ट्रिप्स सुबह और शाम के व्यस्त समय के दौरान सराय काले खां और मेरठ साउथ स्टेशनों के बीच चलाई जाएंगी। इस दौरान सुबह के पीक ऑवर्स (व्यस्त समय) यानी सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच 4 अतिरिक्त ट्रिप चलेंगी। जबकि शाम के पीक ऑवर्स में यानी शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच भी 4 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जाएंगी। साथ ही इन अतिरिक्त सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए NCRTC ने अपने बेड़े में दो नई ट्रेनों को भी शामिल करने का फैसला किया है।
रूट पर रोजाना सफर कर रहे 1 लाख यात्री
NCRTC ने यह फैसला एक ऐसे समय में लिया गया है जब वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की सलाह दी जा रही है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-मेरठ 'नमो भारत' कॉरिडोर पर हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि भी देखी गई है। वर्तमान में इस रूट पर रोजाना औसतन लगभग एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यात्रियों की यह बढ़ती संख्या दिखा रही है कि क्षेत्रीय आवागमन के लिए एक विश्वसनीय और आरामदायक साधन के रूप में लोगों का भरोसा 'नमो भारत' ट्रेन पर लगातार बढ़ रहा है।
अधिकतम 160 की स्पीड से दौड़ती है ट्रेन
बता दें कि 'नमो भारत' ट्रेन देश की पहली क्षेत्रीय कम्यूटर रेल प्रणाली है, जिसे उच्च गति और आरामदायक कनेक्टिविटी देने के लिए डिजाइन किया गया है। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम स्पीड से दौड़ती है, जिससे इस क्षेत्र में यात्रा का समय घटकर लगभग एक-तिहाई रह जाता है।
केंद्र में हैं यात्रियों की सहूलियत
NCRTC का कहना है कि 'नमो भारत' ट्रेन सिस्टम को शुरुआत से ही यात्रियों की सहूलियत को केंद्र में रखा गया है। विशेष रूप से भीषण या खराब मौसम के दौरान लोग निजी वाहनों के बजाय इस आरामदायक और कुशल सार्वजनिक परिवहन को चुन रहे हैं। यात्रियों की इसी बढ़ती संख्या को देखते हुए उनके अनुभव और ट्रेन सेवा को बेहतर बनाने के लिए NCRTC लगातार कदम उठाते हुए उपाय कर रहा है।




साइन इन