दिल्ली एयरपोर्ट पर Ebola Virus को लेकर अलर्ट! इन देशों के यात्रियों पर पैनी नजर; कहां बरस रही मौत?
Delhi Airport Ebola Alert: एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सख्ती बरतते हुए कुछ देशों से आने वाले यात्रियों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है, ताकि भारत में किसी भी तरह की खतरनाक बीमारी को आने से रोका जा सके। सबसे बड़ा सवाल है, दिल्ली एयरपोर्ट पर किन देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा रही है।

Delhi Airport Ebola Alert: दिल्ली एयरपोर्ट पर Ebola Virus को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सख्ती बरतते हुए कुछ देशों से आने वाले यात्रियों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है, ताकि भारत में किसी भी तरह की खतरनाक बीमारी को आने से रोका जा सके। सबसे बड़ा सवाल है, दिल्ली एयरपोर्ट पर किन देशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा रही है। इसी सवाल के गर्त में एक सवाल और छिपा है, जो इसकी मूल जड़ है- आखिर ये वायरस किन देशों में मौत बनकर फैल रहा है? जानिए हर सवाल का जवाब, लाइव हिंदुस्तान के साथ।
भारत में जारी हुई एडवायजरी
दरअसल भारत ने इबोला प्रभावित देशों से आने वाले या वहां से होकर गुजरने वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सलाह जारी की है। इस सलाह रूपी आदेश में कहा गया है, इन देशों से आने वाले यात्री अगर संक्रमण के शिकार हैं, तो इमिग्रेशन से पहले ही यहां मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों को इसकी सूचना दें। एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने दिल्ली हवाई अड्डे पर यह परामर्श लगाया है।
ऐसे यात्री तुरंत सूचना दें…
इसमें यह भी कहा गया है कि जिन यात्रियों का संक्रमण के संदिग्ध या इबोला रोगी से सीधा संपर्क रहा हो वे तुरंत हवाई अड्डे के स्वास्थ्य अधिकारी या स्वास्थ्य डेस्क को इसकी सूचना दें। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा जारी परामर्श में खास तौर से कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान से आने वाले यात्रियों का जिक्र किया गया है। इन देशों को WHO ने ''उच्च जोखिम वाले देशों'' की श्रेणी में रखा है।
भारत में अभी तक इबोला का मामला नहीं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत में अभी तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इबोला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (पीएचईआईसी) घोषित किए जाने के बाद, भारत सरकार ने एहतियात के तौर पर पूरे देश में निगरानी और तैयारियों के उपायों को मजबूत किया है।
इबोला से इन देशों में बरस रही मौत
चलते-चलते हम आपको बताते हैं कि ये वायरस किन देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। इबोला वायरस के संक्रमण से अब तक 139 संदिग्ध मौतें हुई हैं और लगभग 600 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। पूर्वी कांगो में इबोला वायरस के प्रकोप से कम से कम 131 लोगों की मौत हुई है और 500 से अधिक संदिग्ध मामले सामने आए हैं।
कांगो और युगांडा में 20 से अधिक बार इबोला के प्रकोप हो चुके हैं, लेकिन 'बंडीबुग्यो' वायरस का पता केवल तीसरी बार चला है। वर्तमान में बुनिया, उत्तरी किवु की विद्रोहियों के कब्जे वाली राजधानी गोमा, मोंगबवालु, बुटेम्बो और न्याकुंडे में मामलों की पुष्टि हो गई है।
WHO ने हेल्थ इमरजेंसी घोषित की
WHO ने रविवार को इबोला के प्रकोप को 'अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल' घोषित किया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा प्रकोप की पुष्टि शुक्रवार को हुई थी जो इबोला वायरस के 'बुंडीबुग्यो' स्वरूप के कारण हुआ है। 'बुंडीबुग्यो' इबोला का एक दुर्लभ प्रकार है जिसके लिए कोई स्वीकृत उपचार या टीका उपलब्ध नहीं है।
न्यूज एजेंसी भाषा, एएनआई के इनपुट शामिल हैं।




साइन इन