गाजियाबाद में नमो भारत ट्रेन स्टेशन के पास बनेगा 11 मंजिला शॉपिंग मॉल, 38 करोड़ की आएगी लागत
Namo Bharat Train : गाजियाबाद में मेरठ तिराहे पर नमो भारत ट्रेन स्टेशन के पास 11 मंजिला मॉल बनाया जाएगा। शासन ने गाजियाबाद नगर निगम के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। इसके निर्माण पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें दुकानों के अलावा, रेस्टोरेंट और पार्किंग होगी।

गाजियाबाद में मेरठ तिराहे पर नमो भारत ट्रेन स्टेशन के पास 11 मंजिला मॉल बनाया जाएगा। शासन ने गाजियाबाद नगर निगम के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। इसके निर्माण पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें दुकानों के अलावा, रेस्टोरेंट और पार्किंग होगी।
गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन के सामने निगम का बहुत पुराना स्टोर है। निगम ने सितंबर महीने में स्टोर को ध्वस्त कर पांच मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन शासन से यह प्रस्ताव मंजूर नहीं हो सका। इसके बाद निगम ने दूसरा प्रस्ताव शासन को भेजा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को पांच मंजिल की जगह 11 मंजिला बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। निगम अधिकारी पिछले दिनों परियोजना पर प्रस्तुतिकरण देने के लिए लखनऊ गए थे। शासन के अधिकारियों को बताया गया कि जिस स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित है वहां से नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर निकल रहा है। नमो भारत के अलावा मेट्रो स्टेशन भी पास में है।
ऐसे में यात्रियों की भीड़भाड़ अधिक रहती है। यात्रियों की सुविधा के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का बनाना जरूरी है। इसके बाद शासन ने निगम के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। निगम सूत्रों ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
एनसीआरटीसी भी योजना लाने की तैयारी कर रहा
नमो भाग कॉरिडोर के पास एनसीआरटीसी भी योजना लाने की तैयारी कर रहा है। मॉल, अस्पताल बनाए जाएंगे। योजना के तहत गाजियाबाद, दुहाई डिपो, भैसाली (मेरठ) और मोदीपुरम डिपो में बड़े भूखंडों को भी विकसित किया जाएगा। गाजियाबाद का भूखंड लगभग 2.4 हेक्टेयर, दुहाई डिपो 31 हेक्टेयर, भैसाली 9.7 हेक्टेयर और मोदीपुरम 31 हेक्टेयर में फैला है। इसके अलावा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण और उत्तर, मेरठ दक्षिण, शताब्दीनगर और मोदीपुरम के आसपास छोटे भूखंड विकसित किए जाएंगे।
लोगों को यह सुविधा मिलेगी
निगम द्वारा बनाए जाने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लोगों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। इसमें लिफ्ट लगाई जाएगी। साथ ही स्वचालित सीढ़ियां भी लगाने की तैयारी है। रेस्टोरेंट के अलावा अन्य दुकानें भी बनाई जाएगी। इसका लाभ स्थानीय लोगों के अलावा नमो भाग ट्रेन में आने जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। साथ ही निगम की आय भी बढ़ेगी। निगम के आय के स्रोत बढ़ाने से शहर में विकास की कार्यों को गति मिलेगी।
टीओडी मॉडल को अपनाया
इस परियोजना के विकास के लिए ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) मॉडल को अपनाया है। इसमें ट्रांजिट स्टेशनों के आसपास उच्च घनत्व वाली मिश्रित भूमि उपयोग वाली संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इससे यात्रा आसान होगी। साथ ही भीड़भाड़ कम होगी। इससे उभरते शहरी केंद्रों को गति मिलेगी।
विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त, ''मेरठ तिराहे के पास निगम के स्टोर को ध्वस्त कर शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने की शासन से मंजूरी मिल गई है। परियोजना पर जल्दी काम शुरू कराया जाएगा। इससे शहर के लोगों को लाभ मिलेगा।''




साइन इन