दिल्ली-मेरठ रूट पर नमो भारत के बढ़े फेरे; पीक आवर्स में कब कितनी ट्रिप्स?
यात्रियों की बढ़ती मांग और भीषण गर्मी को देखते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों के 10 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं। पीक आवर्स में कुल 18 अतिरिक्त ट्रिप्स से रोज़ाना सफर करने वालों को जाम और गर्मी से राहत मिलेगी, प्रतीक्षा समय घटेगा और यात्रा सुगम बनेगी।

एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पीक आवर्स में सराय काले खां और मेरठ साउथ के बीच नमो भारत ट्रेन के फेरों में फिर से बढ़ोतरी की है। बताया जाता है कि अब 10 अतिरिक्त ट्रेनें जोड़ी गई हैं। यह बढ़ोतरी पिछले हफ्ते एनसीआरटीसी की ओर से बढ़ाई गईं 8 अतिरिक्त ट्रिप्स के अलावा है। एनसीआरटीसी ने पीक आवर्स में भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया है।
इस तरह दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर कुल 18 ट्रेन ट्रिप्स की बढ़ोत्तरी की गई है। नई समय-सारिणी के अनुसार, 10 अतिरिक्त ट्रिप्स सुबह के पीक आवर्स में होंगी। ट्रेनों के ये फेरे सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे के दौरान बढ़ाए गए हैं। वहीं 8 अन्य ट्रिप्स शाम के पीक आवर्स में 5:00 बजे से 8:30 बजे के बीच बढ़ाई गई हैं।
इस बढ़ी हुई ट्रेन फ्रीक्वेंसी से यात्रियों के लिए अधिक ट्रेनें उपलब्ध होंगी। उनका प्रतीक्षा समय कम होगा, सीट की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रा अनुभव समग्र रूप से बेहतर होगा। इस अतिरिक्त सेवा का लाभ विशेष रूप से रोजाना कार्यालय जाने वालों, विद्यार्थियों और अन्य नियमित यात्रियों को मिलेगा।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्री संख्या में निरंतर बढ़ोतरी देखी जा रही है और लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। यात्रियों द्वारा नमो भारत को दी जा रही प्राथमिकता इस तीव्र, विश्वसनीय, सुरक्षित और आरामदायक क्षेत्रीय परिवहन के साधन पर उनके बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री जी ने सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग करने की अपील की थी, यह पहल उसके अनुरूप है। दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के कई क्षेत्रों में तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है और लू की स्थिति बनी हुई है, ऐसी परिस्थितियों में नमो भारत का महत्व और भी बढ़ गया है।
झुलसा देने वाली गर्मी में बड़ी राहत
ऐसे में जब भीषण गर्मी के कारण दिन में पीक आवर्स के दौरान सड़क यात्रा अधिक चुनौतीपूर्ण होती जा रही है, तब नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को झुलसाती गर्मी से आरामदायक सफर का विकल्प दे रही हैं। एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की सुविधा उसकी प्राथमिकता रही है। उसका प्रयास है कि यात्रा अनुभव को बेहतर किया जा सके। पीक आवर्स के दौरान ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी NCR में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।




साइन इन