नमो भारत ट्रेन का पूरा रूट; किन जगहों पर पार्किंग की सुविधा, कितना चार्ज?
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन के नए खंड का उद्घाटन किया जिससे अब यह पूरा कॉरिडोर शुरू हो गया है। यह ट्रेन 82 किलोमीटर का सफर एक घंटे से कम में तय करेगी। इसका न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम 210 रुपये है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच के नए खंडों का भी उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली-मेरठ गलियारे की मुकम्मल शुरुआत हो गई है। इस कॉरिडोर का सराय काले खां स्टेशन मेन सेंटर है जो रेलवे स्टेशन, मेट्रो और बस अड्डे को आपस में जोड़ता है। मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों से भी इस सेवा की शुरुआत हो गई है। इस रिपोर्ट में पार्किंग डिटेल पर एक नजर...
एक घंटे से कम में तय होगा सफर
यह देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रेन सेवा है जिसकी अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस ट्रेन से दिल्ली और मेरठ के बीच 82 किलोमीटर का सफर एक घंटे से कम समय में पूरा होगा। नमो भारत ट्रेन रोजाना सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर 10 मिनट में उपलब्ध होगी। हालांकि यह ट्रेन 180 की रफ्तार के लिए बनी है लेकिन इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया जाएगा।
पूरा रूट
यह ट्रेन सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच कुल 14 स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सराय काले खां से चलेगी तो रास्ते में न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी और शताब्दी नगर स्टेशनों पर रुकेगी।
कितना किराया?
इसका न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 210 रुपये तय किया गया है यानी सराय काले खां से मोदीपुरम तक के सफर का स्टैंडर्ड कोच के लिए किराया 210 रुपये होगा। प्रीमियम कोच में सफर के लिए यात्रियों को सामान्य किराए से 20 फीसदी ज्यादा खर्च करने होंगे।
पार्किंग की सुविधा और शुल्क
एनसीआरटीसी ने करीब सभी स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा दी है। लेकिन इन सभी में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 5 खास स्टेशनों गाजियाबाद, मेरठ साउथ, सराय काले खां, गुलधर और मोदीपुरम में सबसे बड़ी पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध हैं। नमो भारत कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर फोर व्हीलर का 12 से 16 घंटे का पार्किंग फीस 80 रुपये है। वहीं साइकिल के लिए पांच रुपये, 10 रुपये, 20 रुपये का शुल्क है।
स्टेशन- चार पहिया- दो पहिया
गाजियाबाद- 370- 632
मेरठ साउथ- 289- 854
सराय काले खां- 266- 837
गुलधर- 191- 848
मोदीपुरम- 137- 1,248
कितना पार्किंग शुल्क?
नमो भारत स्टेशनों पर साइकिलों के लिए 12 घंटे तक के लिए 5 रुपये जबकि 12 घंटे के बाद 10 रुपये देने होंगे। स्कूटर मोटरसाइकिलों के लिए 6 घंटे तक के लिए 10 रुपये जबकि 12 घंटे तक 25 रुपये और 12 घंटे के बाद 30 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं फोर व्हीलर के लिए 6 घंटे तक का 30 रुपये, 12 घंटे के लिए 60 रुपये, 1216 घंटे तक 80 रुपये देना होगा।
दोपहिया और 4 पहिया वाहनों का मासिक पार्किंग शुल्क
इसी तरह दोपहिया और 4 पहिया वाहनों का मासिक पार्किंग शुल्क तय कर दिया गया है जहां दोपहिया वाहन के लिए 600 रुपये और 4 पहिया वाहन के लिए 2000 रुपये का मासिक शुल्क लगेगा जबकि पिकअप और ड्रॉप के लिए आने वाले वाहनों को 10 मिनट तक का समय नि:शुल्क रहेगा।





साइन इन