नमो भारत ट्रेन की शुरुआत; दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक किराए की डिटेल
प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ में नमो भारत ट्रेन और 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ गलियारे का उद्घाटन किया। 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली यह देश की पहली आरआरटीएस ट्रेन है जो दिल्ली-मेरठ के बीच यात्रा को तेज बनाएगी।

Delhi to Meerut Namo Bharat: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने 'नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम' (RRTS) के बाकी खंडों का भी उद्घाटन किया। इनमें दिल्ली में सराय काले खान और न्यू अशोक नगर के बीच का 5 किलोमीटर का खंड और मेरठ (दक्षिण) और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड भी शामिल है। इसके साथ ही दिल्ली-मेरठ गलियारे का श्रीगणेश हो गया।
पहला स्टेशन सराय काले खां
गलियारे का पहला स्टेशन सराय काले खां चार नमो भारत स्टेशन में से एक है। रणनीतिक रूप से अहम यह स्टेशन 'मल्टी-मॉडल हब' है जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को जोड़ता है।
मेरठ के इन स्टेशनों का भी श्रीगणेश
इसके साथ ही जिन तीन अन्य स्टेशनों (नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम) की शुरुआत की गई है, वे मेरठ में हैं।
180 तक की स्पीड, 1 घंटे से कम में पूरा होगा सफर
अधिकारिक बयान में कहा गया है कि 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली यह देश की पहली रीजनल रैपिड रेल है। इसकी मदद से गाजियाबाद, साहिबाबाद और मेरठ जैसे शहरों से बहुत कम समय में दिल्ली तक की आवाजाही होगी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उम्मीद है कि ट्रेन 82.15 किलोमीटर का सफर एक घंटे से कम समय में पूरा कर लेगी।
क्या टाइमिंग?
दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन रोजाना सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। यह ट्रेन हर 10 मिनट में उपलब्ध होगी। इस कॉरिडोर पर स्टेशनों के बीच की दूरी लगभग 5 से 10 किलोमीटर है। यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के लिए बनाई गई है। हालांकि इसको अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाए जाने का प्लान है।
इन 14 स्टेशनों पर रुकेगी नमो भारत ट्रेन
82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे का पहला स्टेशन सराय काले खां है। सराय काले खां और मोदीपुरम डिपो के बीच अपने सफर के दौरान नमो भारत ट्रेन 14 स्टेशनों पर रुकेगी जिसमें न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी और शताब्दी नगर शामिल हैं।
कितना किराया?
नमो भारत ट्रेन का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 210 रुपये तक है। दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक के सफर का स्टैंडर्ड कोच के लिए किराया 210 रुपये हैं। प्रीमियम कोच चुनने वाले लोगों को स्टैंडर्ड किराए से लगभग 20 फीसदी अधिक का टिकट लगेगा। नीचे लिस्ट अटैच है। इसमें स्टेशनवार और कोच के हिसाब से किराए का पूरा विवरण दिया गया है। प्रीमियम क्लास में न्यूनतम किराया 25 रुपये और अधिकतम किराया 250 रुपये है।

सराय काले खां से नमो भारत ट्रेन का किराया
-सराय काले खां स्टेशन से न्यू अशोक नगर तक-30 रुपये
-आनंद विहार स्टेशन तक-50 रुपये
-साहिबाबाद स्टेशन तक-60 रुपये
-गाजियाबाद स्टेशन तक-80 रुपये
-गुलधर स्टेशन तक-90 रुपये
-दुहाई स्टेशन तक-100 रुपये
-मुरादनगर स्टेशन तक -120 रुपये
-मोदीनगर साउथ स्टेशन तक-140 रुपये
-मेरठ साउथ स्टेशन तक-160 रुपये
-शताब्दीनगर स्टेशन तक-180 रुपये
-बेगमपुल स्टेशन तक-200 रुपये
-मोदीपुरम स्टेशन तक-210 रुपये
नोट- इसमें मेरठ साउथ और परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली ये मेट्रो के रूट। इसका किराया भी इसी में शामिल है। यात्री टिकट काउंटर, नमो एप और टिकट वेंडिंग मशीन से टिकट खरीद सकते हैं। एनसीएमसी कार्ड से भी किराये का भुगतान किया जा सकता है।




साइन इन