नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम टू ग्रेटर नोएडा रूट पर तेज होगा काम, NCR के लाखों लोगों को होगी सुविधा
एनसीआर के शहरों नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम नौकरी करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा सरकार ने सोमवार को बजट सत्र में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जोड़ने वाली नमो भारत ट्रेन के नए अलाइनमेंट को आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

एनसीआर के शहरों नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम नौकरी करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा सरकार ने सोमवार को बजट सत्र में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जोड़ने वाली नमो भारत ट्रेन के नए अलाइनमेंट को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को एक सूत्र में पिरोते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इस महात्वाकांक्षी परियोजना के लिए हरियाणा सरकार ने 3573 करोड़ रुपये का शुरुआती फंड मंजूर किया है, जिससे परियोजना पर जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल के शुभारंभ किया था। इसके साथ ही फरीदाबाद के लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो गई है। सोमवार को पेश किए गए बजट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रूट के अलाइटमेंट को मंजूरी प्रदान की।
रोजाना हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा
परियोजना के पहले चरण में नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम के रास्ते फरीदाबाद को जोड़ने की योजना है। इस रूट के विकसित होने से रोजाना हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जो नौकरी, व्यापार और शिक्षा के लिए इन शहरों के बीच सफर करते हैं। नमो भारत ट्रेन शुरू होने से यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और सड़कों पर वाहनों का दबाव भी घटेगा।
64 किमी लंबा कॉरिडोर तैयार होगा
परियोजना के तहत नमो भारत ट्रेन का 64 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। यह कॉरिडोर न केवल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर की परिवहन व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा। अलाइनमेंट के अनुसार, यह रूट फरीदाबाद और गुरुग्राम के प्रमुख हिस्सों को कवर करते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक का सफर बेहद कम समय में तय करेगा।
रियल एस्टेट को गति मिलेगी
रियल एस्टेट कारोबारी सतवीर शर्मा ने बताया कि नमो भारत ट्रेन के विस्तार से फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में विकास की रफ्तार तेज होगी। एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी होने के कारण यहां निवेश बढ़ेगा और रियल एस्टेट सेक्टर में उछाल आने की उम्मीद है। यात्रियों के लिए यह सेवा न केवल तेज होगी, बल्कि सुविधाजनक और आधुनिक सुविधाओं से लैस भी होगी। इस कॉरिडोर के शुरू होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा।
आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
परियोजना के तहत नमो भारत ट्रेन पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। इसमें अत्याधुनिक कोच, स्वचालित सिग्नलिंग सिस्टम, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन बनाए जाएंगे। ट्रेन की अधिकतम गति करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे फरीदाबाद से नोएडा की दूरी मात्र 20 मिनट में तय हो सकेगी। इससे रोजाना अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना के तहत फरीदाबाद में बाटा और बड़खल दो स्टेशन बनाए जाएंगे।




साइन इन