लड़की के पहुंचते ही शुरू हो गया विवाद, फरीदाबाद के OYO होटल में मर्डर
फरीदाबाद के एक होटल में मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक लड़की के होटल में पहुंचने के बाद कुछ लड़कों में विवाद शुरू हो गया, जिसने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान तीन लड़कों ने मिलकर एक लड़के को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

फरीदाबाद के एक होटल में मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक लड़की के होटल में पहुंचने के बाद कुछ लड़कों में विवाद शुरू हो गया, जिसने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के दौरान तीन लड़कों ने मिलकर एक लड़के को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मथुरा रोड स्थित रेड लायन ओयो होटल में गुरुवार रात मामूली कहासुनी में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ द्वारा की जा रही है। मृतक की पहचान 31 साल के सचिन निवासी सूर्य विहार पार्ट-2 के रूप में हुई। घटना किसी युवती को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी।
आरोप है कि तीन युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक को पुलिस ने काबू कर लिया। घटना के बाद मृतक के पिता मोहन सिंह की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज किया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे एक युवती को लेकर विवाद था। पता चला है कि एक युवती होटल में आई थी, जिसके पीछे उसका जानकार रंजीत उर्फ व्यास भी पहुंच गया। होटल कर्मचारी जितेंद्र उर्फ जीतू ने रंजीत को वहां से भगाने का प्रयास किया। इससे विवाद शुरू हुआ। जीतू ने अपने दोस्त सचिन को मौके पर बुलाया। सचिन के पहुंचने पर विवाद और बढ़ गया। रंजीत ने भी अपने साथियों सन्नी और इंद्राज को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
पेट में चाकू से अनेक वार किए
होटल के अंदर विवाद के दौरान आरोप है कि सचिन ने सन्नी को डंडा मार दिया। इसके बाद गुस्से में सन्नी ने चाकू निकालकर सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सचिन के पेट में चाकू से अनेक वार किए। गंभीर रूप से घायल सचिन होटल के बाहर लहूलुहान स्थिति में बाहर आ गया। जहां से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके।
लड़की से पूछताछ की जा रही
होटल में आई युवती को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।




साइन इन