दिल्लीवालों को बड़ी राहत! अब सुबह 10 बजे तक इन DDA पार्कों में फ्री एंट्री, LG संधू का बड़ा फैसला
दिल्ली में मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग और फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के कई प्रमुख पार्कों, हरित क्षेत्रों और धरोहर स्थलों में सुबह 10 बजे तक मॉर्निंग वॉकर्स के लिए एंट्री फ्री करने का ऐलान किया है।

दिल्ली में मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग और फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के कई प्रमुख पार्कों, हरित क्षेत्रों और धरोहर स्थलों में सुबह 10 बजे तक मॉर्निंग वॉकर्स के लिए एंट्री फ्री करने का ऐलान किया है। यह फैसला दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर लिया गया है।
फिट इंडिया के तहत लिया गया फैसला
DDA की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा और फिटनेस को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
इन पार्कों में 10 बजे तक होगी फ्री एंट्री
DDA के अनुसार, जिन पार्कों और स्थलों में अभी तक प्रवेश शुल्क लिया जाता था, वहां अब सुबह 10 बजे तक मॉर्निंग वॉकर्स, जॉगर्स और फिटनेस प्रेमियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस फैसले के दायरे में कई प्रसिद्ध पार्क और ग्रीन स्पॉट शामिल किए गए हैं। इनमें मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क, बांसेरा, असिता, क्रांति उद्यान, वाटिका, अटल सद्भावना पार्क, वासुदेव घाट, वैष्णवी पार्क, सेक्टर-16D द्वारका स्थित DDA ग्रीन, अमृत बायोडायवर्सिटी पार्क, लाला हरदेव लाल पार्क (जसोला) और नरेला का स्मृति वन शामिल हैं।
DDA का इस पहल पर क्या कहना है
DDA का कहना है कि इस पहल का मकसद दिल्लीवासियों को सुबह के समय खुले और हरित वातावरण में स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही शहर में फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल की संस्कृति को मजबूत करना भी इसका अहम उद्देश्य है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि DDA के बाकी सभी पार्क पहले की तरह आम लोगों के लिए मुफ्त खुले रहेंगे।
दिल्ली में 700 से ज्यादा पार्क हैं
दिल्ली विकास प्राधिकरण फिलहाल राजधानी में 16 हजार एकड़ से अधिक हरित क्षेत्र का प्रबंधन करता है। इसमें 700 से ज्यादा पार्क, बायोडायवर्सिटी ज़ोन, सिटी फॉरेस्ट, रीजनल पार्क और नेबरहुड गार्डन शामिल हैं। ये हरित क्षेत्र पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ और प्राकृतिक माहौल उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।




साइन इन