दिल्ली में मुनक नहर को मिलेगी नई पहचान; बनेंगे छठ घाट और दोनों किनारों पर सर्विस रोड
दिल्ली में मुनक नहर का कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नहर के कायाकल्प और नए छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखी है। इस नहर को अब आधुनिक बनाया जाएगा। क्या है प्लान? इस रिपोर्ट में जानें…

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुनक नहर के कायाकल्प और नए छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखी। वर्षों से गंदी पड़ी इस नहर को अब साफ-सुथरा और आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे शालीमार बाग और पीतमपुरा जैसे इलाकों के लाखों लोगों को फायदा होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत नहर के पास नई सड़कें, सुंदर पार्क और एक चौड़ा पुल बनाया जाएगा। यातायात को बेहतर बनाने के लिए 5,000 करोड़ रुपये की लागत से एक एलिवेटेड रोड का निर्माण भी होगा। इस परियोजना से ट्रैफिक जाम की समस्या भी खत्म होगी।
बदल जाएगा पूरा नजारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगली छठ पूजा तक यहां का नजारा बदल जाएगा। जिस नहर को लोग वर्षों से गंदगी और अव्यवस्था का प्रतीक मानकर नापसंद करते थे, वही अब आस्था का केंद्र बनेगी। मुनक नहर को साफ करके उसे सुंदर बनाया जाएगा और वहां छठ पूजा के लिए घाट भी तैयार किए जाएंगे। इससे लोगों को स्वच्छ माहौल में पूजा करने का मौका मिलेगा। लंबे समय से गंदी पड़ी यह नहर अब साफ-सफाई और आधुनिक सुविधाओं का केंद्र बनेगी।
लोग कर सकेंगे सैर
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रोजेक्ट शालीमार बागए पीतमपुरा और पंजाबी बाग जैसे आसपास के इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़े तोहफे जैसा है। इसके पूरा होने के बाद हर दिन 30,000 से ज्यादा लोग यहां सैर करने आ सकेंगे। नहर के पास नई सड़क बनेगी और सिंगलपुर पुल को भी चौड़ा किया जाएगा जिससे बरसों से खराब पड़ी यह जगह एक सुंदर सार्वजनिक स्थल बन जाएगी। इन बदलावों से इलाके की रौनक बढ़ेगी और जाम की समस्या भी दूर हो जाएगी।
5,000 करोड़ से बनेगा एलिवेटेड रोड
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि सरकार नहर पर 5,000 करोड़ रुपये की लागत से एक एलिवेटेड रोड बनाएगी जो इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर यूईआर-2 तक जाएगी। इस नई सड़क के बनने से रोहिणी और बाहरी दिल्ली जाने वाले लोगों को तंग गलियों के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और उनका सफर काफी आसान हो जाएगा। यह पूरे इलाके के विकास की एक ऐतिहासिक शुरुआत है।
नहर के दोनों तरफ होंगे छठ घाट
योजना के तहत नहर की पूरी तरह सफाई की जाएगी। नहर से जमा कीचड़ और कचरा हटाया जाएगा और साफ पानी के बहने का इंतजाम होगा। नहर के दोनों तरफ पक्की सीढ़ियों वाले आधुनिक छठ घाट बनाए जाएंगे। किनारों पर पेड़-पौधे और पार्क विकसित किए जाएंगे। इससे यह पूरी जगह पूजा-पाठ और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र बन जाएगी।
नहर के दोनों तरफ बनेगी सर्विस रोड
नहर के दोनों तरफ नई सर्विस रोड बनाई जाएंगी जहां सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इन रास्तों पर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ और गाड़ियों की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम होंगे जिससे इलाके में रोशनी बढ़ेगी और लोगों का आना-जाना सुरक्षित और आसान हो जाएगा।
डबल लेन ब्रिज निर्माण
सिंगलपुर पुल के पास एक नया डबल लेन पुल बनाया जाएगा, जिसे स्टील और कंक्रीट की आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा। इस पुल के चौड़ा होने से पीतमपुरा और शालीमार बाग के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या खत्म होगी और लोगों के लिए आउटर रिंग रोड तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
मुनक नहर पर बाउंड्री वॉल
आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन तक नहर के किनारे प्रीकास्ट आरसीसी बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के अंतर्गत नहर किनारे व्यवस्थित बाउंड्री वॉल, हरियाली, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र दिल्ली के प्रमुख सार्वजनिक आकर्षण स्थलों में शामिल होगा।




साइन इन