फरीदाबाद में सौतेले बाप ने 2 साल के मासूम को पटक कर मार डाला, पत्नी से बोला- सीढ़ियों से गिर गया; अरेस्ट
पुलिस ने इस मामले में 36 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी ने वारदात के बाद पत्नी को गुमराह करने के लिए कहा कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया था।

हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने दो साल के सौतेले बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में 36 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी ने वारदात के बाद पत्नी को गुमराह करने के लिए कहा कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया था।
बोला- बच्चों को पसंद नहीं करता था
पुलिस के अनुसार यह घटना 25 जनवरी को बल्लभगढ़ के सिकरी मोहल्ला इलाके में हुई। आरोपी की पहचान रणबीर सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिष्टा गांव का रहने वाला है और फिलहाल बल्लभगढ़ में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने नवंबर 2024 में एक महिला से शादी की थी, जिसके पहले विवाह से तीन बच्चे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह बच्चों को पसंद नहीं करता था और उनसे छुटकारा पाने की योजना बना रहा था।
जमीन पर पटका, बताया सीढ़ियों से गिरा
घटना वाले दिन शाम के समय रणबीर सिंह दो साल के बच्चे को घर से कुछ दूरी पर ले गया और उसे जमीन पर जोर से पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह वापस घर आया और पत्नी से कहा कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया है। इस झूठे बयान के चलते परिवार को पहले लगा कि यह एक हादसा है।
दोबारा जांच हुई तो खुला मामला
घटना के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन उस समय कोई केस दर्ज नहीं किया गया। हालांकि, बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में सच्चाई सामने आने के बाद सेक्टर-58 थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने बच्चों के खिलाफ पहले भी कोई हिंसक व्यवहार तो नहीं किया था।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




साइन इन