अश्लील बातें और गंदे इशारे करते हैं, गुरुग्राम में सरकारी स्कूल के टीचर पर 27 छात्राओं का आरोप
गुरुग्राम के जैकबपुरा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्राओं ने विज्ञान के शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक साथ 27 छात्राओं ने शिक्षक पर अश्लील बातें करने, गंदे इशारे करने और फेल करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

गुरुग्राम के जैकबपुरा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्राओं ने विज्ञान के शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक साथ 27 छात्राओं ने शिक्षक पर अश्लील बातें करने, गंदे इशारे करने और विरोध करने पर फेल करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में जांच शुरू हो गई है।
छात्राओं ने 24 अप्रैल को इस मामले की लिखित शिकायत स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार को दी थी। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कक्षा में पढ़ाई के बजाय शिक्षक आपत्तिजनक और डबल मीनिंग बातें करते हैं। साथ ही वह किताबों को नजरअंदाज करने और केवल उसकी बातों पर ध्यान देने की बात कहते हैं।
विरोध करने पर धमकी के आरोप
छात्राओं ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि जब भी कोई छात्रा शिक्षक के व्यवहार का विरोध करती है, तो उसे फेल करने या नंबर काटने की धमकी दी जाती है। इससे छात्राओं में डर का माहौल बन गया है। कई छात्राएं मानसिक दबाव में हैं और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों में भी इस मामले को लेकर चिंता बढ़ी है।
प्रधानाचार्य पर शिकायत दबाने के आरोप
छात्राओं का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने इस शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय दबाने की कोशिश की। हालांकि, बाद में प्रधानाचार्य की ओर से इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग को केवल दो लाइन की सूचना मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें शिक्षक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया।
दो दिन पहले बनी जांच कमेटी
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले गुरुवार को इस पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी राकेश शर्मा, सिविल लाइन स्थित सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल जोगेंद्र समेत अन्य लोगों की कमेटी ने स्कूल का दौरा किया। यहां पर प्रिंसिपल और जिस शिक्षक पर आरोप लगाए गए हैं उनसे बात की गई।
पहले भी विवादों में रहा यह राजकीय स्कूल
जैकबपुरा स्थित इस स्कूल का नाम इससे पहले भी विभिन्न विवादों को लेकर सामने आ चुका है। वर्ष 2025 के दौरान शिक्षकों के बीच आपसी विवाद, अभिभावकों की शिकायतें और स्कूल प्रबंधन को लेकर कई मुद्दे उठे थे। उस समय भी कुछ मामलों में लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन बाद में वे मामले ठंडे बस्ते में चला गया। इसके अलावा फीस से जुड़े मुद्दे, अनुशासन और प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हुए थे।
प्रधानाचार्य ने जवाब नहीं दिया
इस पूरे मामले को लेकर स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्हें कई बार फोन किया गया और संदेश भी भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। वहीं मामले को लेकर शिक्षक से भी बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनके द्वारा भी कोई जवाब नहीं दिया गया।
मामला बेहद गंभीर, जांच जारी है
जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदू बोकन कसाना ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच जारी है। छात्राओं की शिकायत को ध्यान में रखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच निष्पक्ष और परदर्शी तरीके से करवाई जाएगी।




साइन इन