Maharaja of Tehri Garhwal selling Lutyens Delhi bungalow for 1,000 crore Rupees: Report टिहरी गढ़वाल के महाराजा बेच रहे लुटियंस जोन दिल्ली का अपना बंगला, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश; रिपोर्ट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

टिहरी गढ़वाल के महाराजा बेच रहे लुटियंस जोन दिल्ली का अपना बंगला, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश; रिपोर्ट

डील की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, 'खरीदार परिवार पहले से ही लुटियंस दिल्ली में रहता है और उसी इलाके में उसके द्वारा दो बड़े बंगलों को खरीदने की प्रक्रिया आखिरी स्टेज में है।'

Thu, 12 Feb 2026 12:15 AMSourabh Jain हिन्दुस्तान टाइम्स, सना फाजिली, नई दिल्ली
share
टिहरी गढ़वाल के महाराजा बेच रहे लुटियंस जोन दिल्ली का अपना बंगला, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश; रिपोर्ट

दिल्ली के दिल यानी 'लुटियंस बंगलो जोन' (LBZ) में रियल एस्टेट की दुनिया का एक बड़ा सौदा होने जा रहा है। खबरों के अनुसार टिहरी गढ़वाल के महाराजा मनुजेंद्र शाह, भगवान दास रोड पर स्थित अपना 3.2 एकड़ का आलीशान बंगला बेचने की योजना बना रहे हैं। इस सौदे की अनुमानित कीमत करीब 1,000 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, महाराजा अपनी यह संपत्ति दिल्ली के एक बड़े कारोबारी को बेच रहे हैं, जिनकी खाद्य और पेय (फूड एंड बेवरेज) बिजनेस में अच्छी पकड़ है, और जो देश के पहले प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू के पहले आधिकारिक आवास को खरीदने के लिए भी बातचीत कर रहे हैं। हालांकि प्रॉपर्टी खरीदने वाले की पहचान सामने नहीं आई है।

उधर इस मामले में इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि, सौदे की आखिरी प्रक्रिया के तहत एक प्रमुख लॉ फर्म ने खरीदार की ओर से सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति का उक्त संपत्ति पर कोई दावा या अधिकार हो तो वह दस्तावेजी प्रमाण के साथ लिखित में जानकारी दे।

रिपोर्ट में लॉ फर्म के नोटिस के हवाले से कहा गया है, 'हमारा क्लाइंट एक रिहायशी संपत्ति खरीदना चाहता है.. कोई भी व्यक्ति जो उस प्रॉपर्टी के बारे में किसी भी अधिकार या टाइटल का दावा करता है, वह हमें दावे के विवरण और दस्तावेजी सबूतों के साथ लिखकर आपत्ति जता सकता है।' नोटिस में बताया गया है कि यह प्रॉपर्टी भगवान दास रोड पर ब्लॉक नंबर 159 के प्लॉट नंबर 5 में है।

डील की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया, 'खरीदार परिवार पहले से ही लुटियंस दिल्ली में रहता है और उसी इलाके में उसके द्वारा दो बड़े बंगलों को खरीदने की प्रक्रिया आखिरी स्टेज में है।' 1000 करोड़ की इस संभावित डील के बारे में महाराजा या उनके परिवार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इससे पहले पिछले साल, 17 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित नेहरूजी के पूर्व आवास की बिक्री भारत की सबसे महंगी रिहायशी प्रॉपर्टी की डील में से एक थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बेचने वाले ने शुरू में 1,400 करोड़ रुपए मांगे थे, लेकिन बाद में देश के एक जाने-माने उद्योगपति ने कम कीमत पर डील फाइनल कर दी थी। हालांकि अभी यह बंगला राजकुमारी कक्कड़ और बीना रानी के पास है, जो राजस्थान के शाही परिवार की सदस्य हैं।

2025 में लक्ष्मी मित्तल से जुड़ी कंपनी जेंटेक्स मर्चेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर 3,540 वर्ग गज का एक बंगला 310 करोड़ रुपए में खरीदा था, जो कि पिछले साल दिल्ली-NCR की सबसे महंगी रियल एस्टेट डील में से एक थी। अब यदि भगवान दास रोड की यह डील ₹1,000 करोड़ में पूरी होती है, तो यह देश की सबसे महंगी निजी रिहायशी डील्स में शुमार हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में ट्रिपल मर्डर करने वाला UP का कमरुद्दीन कौन, लड्डू खिलाकर ली जान
ये भी पढ़ें:मेट्रो फेज-V(A) के 3 नए कॉरिडोर को रेखा सरकार की भी हरी झंडी, आएगी इतनी लागत
ये भी पढ़ें:दिल्ली आबकारी मामला, केजरीवाल के वकील बोले- आरोप तय करने के लिए सबूत ही नहीं

लुटियंस बंगलो ज़ोन (LBZ) को ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस ने 1912 से 1930 के बीच डिजाइन किया था। करीब 28 वर्ग किलोमीटर में फैले इस क्षेत्र में लगभग 3,000 बंगले हैं। चौड़ी सड़कों, हरियाली और हाई-प्रोफाइल पड़ोसियों के कारण यह इलाका देश के सबसे महंगे और प्रतिष्ठित रिहायशी क्षेत्रों में गिना जाता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।