21 मौतों वाले होटल का मालिक लवकेश का क्या था ‘बांग्लादेशियों’ वाला गुनाह, पहले भी गया जेल
दिल्ली के मालवीय नगर में जले होटल के मालिक का एक और बड़ा गुनाह सामने आया है। पता चला है कि लवकेश को 2025 में भी गिरफ्तार किया गया था। उसने कुछ बांग्लादेशी नागरिकों के पहचान पत्र अपने पते पर बनवाए थे।

दिल्ली के मालवीय नगर के जिस होटल में 21 लोगों की मौत हो गई उसके मालिक लवकेश बजाज का एक और बड़ा गुनाह सामने आया है। लवकेश बजाज ने चंद पैसों के खातिर देश की सुरक्षा से समझौता किया और बांग्लादेशी घुसपैठियों के पहचानपत्र अपने पते पर बनवा दिए थे। पता चला है कि 2025 में लवकेश को इस केस में गिरफ्तार भी किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने लवकेश बजाज से पूछताछ के बाद 2025 के इस केस में उसकी संलिप्तता को लेकर जानकारी दी है। बजाज पर आरोप है कि सबकुछ जानते हुए एक बांग्लादेशी महिला, उसकी बेटी और नाबालिग पोते के लिए भारतीय पहचान पत्र अपने पते पर बनवाने की इजाजत दी। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि करोड़ों की संपत्ति के मालिक होते हुए भी बजाज ने चंद पैसों के लालच में बांग्लादेशी नागरिकों के पहचान पत्र बनवाए। उसने अपने पते पर उनके आधार कार्ड से पासपोर्ट तक बनवा दिए।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि लवकेश बजाज ने बांग्लादेशी नागरिकों को छतरपुर एन्क्लेव के अपने पते पर पासपोर्ट और आधार कार्ड बनवाने की अनुमति दी। धोखा, फर्जीवाड़ा और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज होने के बाद जनवरी 2025 में गिरफ्तार किया गया था। जांच में पता चला था कि बांग्लादेशी अवैध रूप से पहाड़गंज में रह रहे थे और उनके पास फर्जीवाड़े से बनाए गए भारतीय पहचान पत्र थे। उनमें से एक के पास पासपोर्ट भी था जो बजाज के पते पर बना हुआ था। सिंह ने कहा, 'बजाज को हिरासत में लिया गया था और पूछताछ की गई थी। फर्जीवाड़े में भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया था। बांग्लादेशी महिला और उसकी बेटी को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच के बाद तीनों के खिलाफ शहर की अदालत में चार्जशीट दायर की गई।'
दिल्ली में सब चलता है, वाली सोच पर चल रहा था लवकेश
लवकेश इससे पहले पुलिस पूछताछ में कह चुका है कि वह ‘दिल्ली में सब चलता है’ वाली सोच पर काम कर रहा था। होटल में कानून की धज्जियां उड़ाने को लेकर जब उससे सवाल किया गया तो लवकेश ने कहा था कि, उसे किसी ने कहा था कि यह सब सामान्य है और दिल्ली में सबकुछ चलता है।
चार दिन की पुलिस रिमांड पर है लवकेश
जांच का दायरा बढ़ने के बीच दिल्ली की साकेत अदालत ने गुरुवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और इनमें ऐसे अपराध शामिल हैं जिनके लिए आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी है, क्योंकि जांच अभी शुरुआती और अहम चरण में है। पुलिस बजाज से पूछताछ करके होटल के मैनेजर और अकाउंटेंट सहित अन्य प्रमुख लोगों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।




साइन इन