कालिंदी कुंज का जाम होगा खत्म, NHAI ने बनाया ये प्लान; नोएडा से फरीदाबाद तक 6 लाख लोगों तक राहत
नोएडा-कालिंदी कुंज के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या जल्द ही खत्म होगी। एनएचएआई फ्लाईओवर बनाकर रास्ते को सुगम बनाएगा। इसके लिए मंजूरी प्रदान कर दी गई है। जल्द इसकी डीपीआर तैयार करने का काम शुरू होगा।

नोएडा-कालिंदी कुंज के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या जल्द ही खत्म होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) फ्लाईओवर बनाकर रास्ते को सुगम बनाएगा। इसके लिए मंजूरी प्रदान कर दी गई है। जल्द इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू होगा।
जाम की समस्या खत्म होने से नोएडा से जसोला विहार, ओखला विहार, सरिता विहार, बदरपुर और फरीदाबाद जाने वाले छह लाख लोगों को लाभ होगा, जो रोज इस रास्ते से आते-जाते हैं।
मदनपुर खादर पुलिया से नोएडा तक दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे
एनएचएआई के मुताबिक, दिल्ली को जाम मुक्त बनाने की योजना के तहत इस परियोजना पर काम होगा। इसके लिए मदनपुर खादर पुलिया से नोएडा तक तीन-तीन लेन के 1.5 किलोमीटर लंबे दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। आगरा कैनाल पर भी दो पुल आवाजाही के लिए बनाए जाएंगे। ये पुल दोनों तरफ से जीडी बिड़ला रोड को चौड़ा करने का काम करेगा।
परियोजना का काम होने के बाद जसोला विहार, ओखला विहार, सरिता विहार, बदरपुर, जामिया नगर की ओर जाने वाले मौजूदा बैराज रोड से नीचे ही नीचे जीडी बिड़ला मार्ग होते हुए चले जांएगे। नए फ्लाईओवर से होते हुए फरीदाबाद, मीठापुर, जैतपुर और केएमपी एक्सप्रेसवे का रुख कर सकेंगे।
एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसका ट्रैफिक सर्वे पूरा हो चुका है। डीपीआर का काम जल्द शुरू होगा। साथ ही साथ वन विभाग समेत अन्य विभागों से सहमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
समय बचेगा, प्रदूषण घटेगा
नोएडा से कालिंदी कुंज बैराज के रास्ते दिल्ली जाने के दौरान ज्यादातर जाम से सामना होता है। यही एक ऐसी लोकेशन है, जिस पर हर समय जाम मिलता है। एक तरफ से लोगों के 40 से 45 मिनट बर्बाद होते हैं। जाम के दौरान वाहन चालू रहते हैं, उससे प्रदूषण होता है। रोज यहां पर जाम को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के पास सबसे अधिक शिकायतें पहुंचती हैं। इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी समस्या का समाधान करने के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा था। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद इस रास्ते से जाने वाले लोगों का समय बर्बाद नहीं होगा। वाहनों के पहिये नहीं थमेंगे तो प्रदूषण में भी कमी आएगी।
हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्यमंत्री, ''नोएडा-कालिंदी कुंज रोड के जाम की समस्या को खत्म करने के लिए परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है। इस परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।''
राजघाट, शांतिवन चौराहा सिग्नल-फ्री होगा
वहीं, रिंग रोड पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को जल्द ही राहत मिल सकती है। लोक निर्माण विभाग व्यस्त राजघाट और शांतिवन क्रॉसिंग को सिग्नल-फ्री बनाने के लिए यू-टर्न बनाने जा रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से विमर्श के बाद यह कदम उठाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड के इन दो चौराहों पर यह प्रयाेग के तौर पर किया जा रहा है। इसके परिणाम सकारात्मक आए तो रिंग रोड और आउटर रिंग रोड के अन्य चौराहों पर यू-टर्न बनाकर उनको सिग्नल फ्री करने का काम किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। देखा गया है कि कई चौराहों पर सिग्नल की वजह से वाहन रुकने पर यातायात प्रभावित होता है। इस कारण लोगों को समस्या हो रही है। ट्रैफिक पुलिस ने स्टडी कर पाया कि चौराहों पर सिग्नल खत्म कर उनकी जगह 150 मीटर आगे व पीछे यू-टर्न बनाकर ट्रैफिक का संचालन बेहतर करना होगा।
इसके तहत शुरुआती तौर पर राजघाट और शांतिवन चौराहे को लिया गया है। यू-टर्न बनने पर वाहनों को रुकना नहीं होगा, बल्कि निर्धारित यू-टर्न और बेहतर लेन अनुशासन के माध्यम से आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ऐसे में जाम लगने की आशंका खत्म हो जाएगी।




साइन इन